किसानों ने हंगामा कर तुलवाया धान
बिलासपुर (रामपुर)। बिलासपुर में भारतीय किसान यूनियन टिकैत का प्रतिनिधिमंडल शनिवार की दोपहर अध्यक्ष मंजीत सिंह अटवाल की अगुवाई में नवीन मंडी क्रय केंद्रों पर पहुंचा। उन्होंने मंडी सचिव उदयवीर गंगवार से मुलाकात की और उसके बाद सभी क्रय केंद्रों का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान किसानों को दो क्रय केंद्रों पर केंद्र प्रभारी मौजूद नहीं मिले। इसी बात को किसानों की मंडी सचिव से भी नोकझोंक हुई और एक क्रय केंद्र पर किसान को परेशान करने का आरोप लगाते हुए किसानेें ने हंगामा किया। किसानों ने डिप्टी आरएमओ से फोन पर शिकायत की। डिप्टी आरएमओ ने तुरंत एक्शन लेते हुए मौके पर एमडी को भेजा और किसानों की समस्या का हल किया और किसान का धान तुलवाया गया। किसान नेता ने आशंका जताई कि मंडी क्रय केंद्रों पर आढ़तियों का धान तौला जा रहा है, उसके लिए भी किसानों से अपील की कि वह सतर्क रहें यदि किसी किसान को केंद्र प्रभारी द्वारा परेशान किया गया तो कार्रवाई कराई जाएगी। किसानों ने चेतावनी दी कि इस बार घोटालेबाजी नहीं करने देंगे। प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष जंगीर सिंह, सुखविंदर सिंह हुंदल, गुरप्रीत अटवाल, गुरदीप सिंह, सुखविंदर सिंह चीमा, गुरमीत सिंह, जसपाल सिंह आदि मौजूद रहे।