संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। राजकीय महाविद्यालय झंडूत्ता में सोमवार को एनएसएस इकाई एवं ईको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और कॉलेज परिसर को हरा-भरा एवं सुंदर बनाना रहा। एनएसएस स्वयंसेवियों एवं ईको क्लब के सदस्यों ने कॉलेज परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए। इस दौरान जामुन, आंवला, अर्जुन, अमलतास सहित विभिन्न औषधीय और फूलदार पौधों का रोपण किया गया। विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया। कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. सतीश ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पौधे हमारे पर्यावरण के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी उचित देखभाल करने का आह्वान किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. दीपक कुमार एवं ईको क्लब की ओर से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जैव-विविधता एवं हरित परिसर के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। इस अवसर पर प्रो. बिहारी, प्रो. वंदना, डॉ. राजेंद्र , प्रो. अर्चना, प्रो. पंकज, प्रो. प्रतीक , प्रो. रेखा, प्रो. सपना आदि उपस्थित रहे।