संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। राजकीय महाविद्यालय श्री नयना देवी जी में मंगलवार को एनएसएस इकाई, माता नयना देवी जी इको क्लब, रेड रिबन क्लब और रोवर्स एंड रेंजर्स के संयुक्त तत्वावधान में एक पौधा मां के नाम और स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्राचार्य डॉ. रविंदर कुमार ने की। अभियान के दौरान कॉलेज परिसर में छायादार, औषधीय और फलदार पौधे रोपे गए। प्राचार्य ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।पौधरोपण के बाद स्वयंसेवियों ने परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर प्लास्टिक कचरा एकत्र किया। अभियान में सह-प्राध्यापक डॉ. राजकुमार, सहायक प्राध्यापक पंकज कुमार, सुभाष, डॉ. अजय चौहान, डॉ. साक्षी, अधीक्षक विजय जमवाल और कार्यालय सहायक विकास शर्मा ने सहयोग दिया।