बिलासपुर। नेवल यूनिट एनसीसी बिलासपुर की ओर से गोविंद सागर झील में 10 दिवसीय नौकायन अभियान जलतरंग का लुहणू घाट से शुक्रवार को शुभारंभ किया गया। इस अभियान में प्रदेश के विभिन्न कॉलेज के 60 कैडेट्स भाग ले रहे हैं। जिसमें 35 लड़के और 25 लड़कियां शामिल हैं।
यह कैडेट्स गोविंद सागर झील की लगभग 230 किलोमीटर दूरी तय करेंगे। इस दौरान सामाजिक उद्देश्यों की पूर्ति भी की जाएगी। विभिन्न स्थानों पर रूकते हुए कैडेट्स स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ और ड्रग्स के बारे में जागरूकता और उसके दुरुपयोग एवं रोकथाम आदि का प्रचार करेंगे। कमान अधिकारी कैप्टन राकेश ढल ने बताया कि इस नौका अभियान का उद्देश्य नौकायान की विभिन्न रुकावटें में अपनाई जाने वाली नेवल शब्दावली, गहरे पानी के सुरक्षा उपायों आदि से अवगत करवाने के साथ विकट परिस्थितियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करना एवं आपसी सहयोग पैदा करना भी है। इस नौकायन में सहायक एनसीसी अधिकारी सब लेफ्टिनेंट श्रवण कुमार, सीटीओं डॉ. सुरेश, शिविका, तमन्ना, तृप्ता, नीतीश राजभर, चीफ इंस्ट्रक्टर भूषण, राजेश, उदित, संजीव, अनिल, अमित और सोहनलाल भी भाग ले रहे हैं।