श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी में 2 से 11 अप्रैल तक चैत्र मेेले नवरात्र मनाए जाएंगे। शनिवार को सुबह तड़के 4 बजे और रविवार से दो बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएंगे। पंजाब के खन्ना निवासी श्रद्धालु सिंगला ने रंग बिरंगी लाइटों से मंदिर को सजवाया है। हलवा, नारियल चढ़ाने और प्रसाद के लिए बांस की टोकरी का प्रयोग करने पर प्रतिबंध होगा। वहीं 500 कर्मचारी और जवानों के साथ 110 सीसीटीवी व दो ड्रोन से नजर रखी जाएगी।
मंदिर परिसर को भी साफ-सुथरा कर दिया है। सैनिटाइजर का छिड़काव भी किया जा रहा है। पुलिस ने कोलांवाला टोबा, भाखड़ा बांध और कैंची मोड़ पर चौकसी बढ़ा दी है। मेलों के दौरान मंदिर परिसर में लाउड स्पीकर, ढोल-नगाड़े और बैंड-बाजे के प्रयोग पर पाबंदी रहेगी। रात 12 बजे से 2 बजे तक और दोपहर 12 से साढ़े 12 बजे तक मंदिर दर्शनों के लिए बंद रहेगा। रात 12 से 2 बजे के बीच तीन पहर की आरतियां की जाएंगी, जबकि 12 से साढ़े 12 के बीच मध्याह्न आरती की जाएगी। वाहनों को जांच करके ही श्री नयनादेवी भेजा जा रहा है। हर वर्ष की भांति इस बार भी नयना देवी को 9 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। नवरात्रों के दौरान करीब 100 विभागीय कर्मचारियों को नियुक्त किया जाएगा। यह कर्मचारी श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखेंगे। सुरक्षा के मद्देनजर 400 पुलिस व होमगार्ड के जवान तैनात रहेंगे। आसमाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए 110 सीसीटीवी कैमरे कोलांवाला टोबा से लेकर नयनादेवी क्षेत्र और भाखड़ा डैम मार्ग पर हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। इसके अलावा मंदिर क्षेत्र में 2 ड्रोन से नजर रखी जाएगी। मंदिर न्यास के अध्यक्ष एसडीएम राजकुमार ठाकुर और मंदिर अधिकारी जगदीश शर्मा ने बताया कि सभी संबंधित विभागों ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। मेलों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए मंदिर न्यास और जिला प्रशासन पूरी तरह से कृतसंकल्प है। डीएसपी श्री नयनादेवी पूर्ण चंद का कहना है कि ट्रैफिक व्यवस्था मेलों के दौरान पूरी तरह से सुचारु रहेगी टेंपो, ट्रैक्टर, ट्रक और सामान ढोने वाली गाड़ियों में सवारियां लाने पर प्रतिबंध रहेगा। ऐसे वाहन कोलांवाला टोबा में ही रोक दिए जाएंगे। वहां से बसों और छोटी गाड़ियों के माध्यम से ही श्री नयनादेवी बस अड्डे तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने कहा कि मेलों के दौरान ओवरलोडिंग पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।