घुमारवीं/भराड़ी। भाई बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक रक्षाबंधन के खास पर्व को हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजेंद्र गर्ग ने अलग अंदाज में मनाया। इस पर्व को खास बनाने के लिए गर्ग ने घुमारवीं में स्थित अस्पतालों और पुलिस थानों में कार्यरत कोरोना योद्धाओं से मुलाकात कर उन्हें राखी बांधी और उनकी हौसला अफजाई की।
गर्ग ने घुमारवीं, दधोल, भटेड़ व भराड़ी स्थित अस्पतालों में फ्रंट वॉरियर के रूप में कार्यरत चिकित्सक, नर्स और सफाई कर्मचारियों सहित पुलिस स्टेशन में कार्यरत महिला कांस्टेबल ने मंत्री राजेंद्र गर्ग को राखी बांधकर अपनी रक्षा का वचन लिया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि कोरोना संकट काल के दौरान इस महामारी को फैलने से रोकने के लिए कोरोना योद्धाओं ने अपनी अहम भूमिका अदा की है। इसलिए, रक्षाबंधन का यह त्योहार इन योद्धाओं के साथ मनाना जरूरी है। ताकि अपनी जान जोखिम में डालकर देश सेवा के लिए ईमानदारी से अपनी ड्यूटी निभा रहे इन योद्धाओं का न केवल हौंसला बढ़ सके, बल्कि समाज के लिए एक मार्गदर्शक के रूप में काम कर सके। इस मौके पर भाजपा के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।