पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर ने खूंटा गाड़कर किया बैल पूजन, युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। नम्होल में पशु मंडी एवं किसान मेले का शुभारंभ पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर ने किया। इस मौके पर राम मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई, जो बाजार से होते हुए मेला ग्राउंड पहुंची। यहां रामलाल ठाकुर ने पारंपरिक रीति-रिवाज से खूंटा गाड़कर बैल पूजन किया और मेले का विधिवत आगाज किया।कार्यक्रम में स्कूल की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर मुख्यातिथि का स्वागत किया। मेला कमेटी ने रामलाल ठाकुर को शाल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। रामलाल ठाकुर ने कहा कि मेले हिमाचल की समृद्ध संस्कृति और लोक परंपराओं के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन लोगों को आपस में जोड़ने के साथ पुरानी परंपराओं को जीवित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति और रीति-रिवाजों को सहेजना सभी की जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी विरासत से जुड़ी रहें। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और शिक्षा, खेलकूद व सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा का सही इस्तेमाल कर परिवार, समाज और क्षेत्र के विकास में योगदान दे सकते हैं। मेले के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और खेल गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।