बरठीं (बिलासपुर)। निहारी-बरठीं संपर्क मार्ग पर बद्धाघाट और कल्लर मोड़ के पास पड़े गड्ढे हादसों का सबब बन गए हैं। लोगों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगाए हैं। निहारी संपर्क मार्ग को अपग्रेड करने का कार्य तीन वर्ष में पूरा नहीं हो पाने से लोगों को मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं। अब मार्ग उखड़ना शुरू हो गया है।
गड्ढों में कई वाहन यहां हादसों का शिकार भी हो चुके हैं। मार्ग का कार्य 20 दिसंबर 2017 को शुरू हुआ था जो20 जून 2019 को पूरा होना था। दिखाने को तो यह कार्य अपने अंतिम स्वरूप तक पहुंच चुका है। लेकिन गुणवत्ता की कमी हर तरफ झलक रही है। लोगों में सुरेश पन्याली, अनिल कुमार, विशाल ठाकुर, दिनेश कुमार भुट्टो, राजेश कुमार, रूपलाल, कुमंत राज, राकेश भारद्वाज, सुनील कुमार, सुरेंद्र कुमार ने कहा कि लगता है कि विभाग भी ठेकेदार के मनमाने रवैये के कारण बेबस हो चुका है। उन्होंने बताया कि सड़क पर कार्य की गुणवत्ता शून्य के बराबर है। बरठीं से कल्लर मोड़ की ओर सड़क पर तारकोल डालने के चौथे दिन ही सड़क गड्ढों में तबदील हो चुकी है। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शशिकांत ने बताया कि संबधित ठेकेदार को अधूरे कार्य को पूरा करने के सख्त निर्देश दिए जाएंगे।