Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Bilaspur News ›   Body of the second female student who jumped from the Seer Khad bridge has also been recovered.

Bilaspur News: सीर खड्ड पुल से छलांग लगाने वाली दूसरी छात्रा का शव भी बरामद

Tue, 17 Nov 2026 12:50 AM IST
Shimla Bureau शिमला ब्यूरो
Updated Tue, 17 Nov 2026 12:50 AM IST
विज्ञापन
Body of the second female student who jumped from the Seer Khad bridge has also been recovered.
रविवार को घुमारवीं पहुंचने और पुल तक आने की कड़ी अब भी स्पष्ट नहीं
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं के सीर खड्ड पुल से खड्ड में छलांग लगाने वाली बरमाणा क्षेत्र की दोनों नाबालिग छात्राओं के शव बरामद कर लिए गए हैं। रविवार देर शाम हुई इस घटना के बाद एक छात्रा का शव उसी दिन मिल गया था, जबकि दूसरी की तलाश के लिए सोमवार सुबह दोबारा अभियान चलाया गया। इस दौरान दूसरी छात्रा का शव भी बरामद कर लिया गया।
दोनों छात्राओं की मौत के बाद जहां परिवारों में मातम पसरा है, वहीं घटना से जुड़े कई सवाल अब भी अनसुलझे हैं। शनिवार को परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली दोनों छात्राएं आखिर कहां गई थीं और अगले दिन घुमारवीं कैसे पहुंचीं, इसकी कड़ी अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार दोनों छात्राएं बरमाणा क्षेत्र की रहने वाली थीं और दसवीं कक्षा में पढ़ती थीं। इनमें एक की उम्र 14 वर्ष और दूसरी की 15 वर्ष बताई जा रही है। दोनों सहेलियां थीं। एक छात्रा मां के बिना अपने ननिहाल में नाना-नानी के पास रहती थी, जबकि दूसरी नेपाली मूल के परिवार से संबंध रखती थी और सौतेली मां के साथ रह रही थी। दोनों की पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। एक रिश्तेदार ने उनकी मानसिक स्थिति को लेकर चिंता जताई है, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल दोनों छात्राओं के शनिवार को घर से निकलने को लेकर है। बताया जा रहा है कि दोनों शनिवार सुबह सुंदरनगर में परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन महीने का दूसरा शनिवार होने के कारण उस दिन स्कूलों में अवकाश था। दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए भी कोई परीक्षा निर्धारित नहीं थी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि दोनों छात्राएं परीक्षा देने की बात कहकर आखिर कहां जाने की योजना बनाकर घर से निकली थीं। परिजनों के अनुसार शनिवार को घर से निकलने के बाद दोनों वापस नहीं लौटीं। ऐसे में यह भी पता नहीं चल पाया है कि उन्होंने शनिवार की रात कहां बिताई और रविवार को घुमारवीं कैसे पहुंचीं।
विज्ञापन

परिजनों को रविवार को दोनों के घुमारवीं में होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उन्हें समझा कर घर वापस लाने के लिए बरमाणा से दो युवकों को भेजा गया था। इन युवकों को छात्राओं के घुमारवीं में होने की जानकारी किस माध्यम से मिली और उनका दोनों छात्राओं से क्या संबंध था, यह भी जांच का विषय है। मामले में मोबाइल फोन और सोशल मीडिया को लेकर भी विरोधाभासी जानकारियां सामने आ रही हैं। परिजनों का कहना है कि दोनों छात्राओं के पास मोबाइल फोन नहीं थे, जबकि रविवार दोपहर उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर चैटिंग होने की जानकारी भी सामने आई है। ऐसे में यह पता लगाना भी जरूरी है कि सोशल मीडिया अकाउंट किसके इस्तेमाल में थे और घटना से पहले दोनों किन लोगों के संपर्क में थीं। फिलहाल दोनों छात्राओं के घर से निकलने, शनिवार की रात उनके ठिकाने, रविवार को घुमारवीं पहुंचने और पुल तक आने की पूरी कड़ी सामने नहीं आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। दोनों की मौत के पीछे क्या परिस्थितियां रहीं और घटना से पहले उनके साथ क्या कुछ हुआ, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

कोट
जांच के बाद ही सामने आएंगे घटना के वास्तविक कारण
दोनों छात्राओं के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और परिजनों सहित संबंधित लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।
अभिषेक धीमान, पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed