श्री नयनादेवी जी(बिलासपुर)। कोट कहलूर थाना पुलिस ने सरकारी चावल की कालाबाजारी करते कोलां वाला टोबा सहकारी सभा के सचिव सहित एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपी के घर पर छापा मार कर 45 क्विंटल सरकारी चावल बरामद किया है। चावल की कीमत करीब 50,000 रुपये है। यह चावल सहकारी सभा के दो डिपूओं और टोबा सहकारी स्कूल में सप्लाई होना था। दोनों आरोपियों को वीरवार को बिलासपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी सचिव को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दूसरे आरोपी को जमानत मिल गई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को कोलां वाला टोबा सहकारी सभा का सचिव दर्शन कुमार निवासी गांव नीलां तहसील श्री नयनादेवी जी जिला बिलासपुर सरकारी चावल की 90 बोरियां एक टेंपो में लोड कर पंजाब के रोपड़ जिले के गांव जज्जर में गुरमेल सिंह के घर में ले गया। सचिव की इस हरकत पर कोलां वाला टोबा पंचायत के पूर्व प्रधान बलवीर सिंह पप्पी और वर्तमान उप प्रधान मोहनलाल नजर रखे हुए थे। उन्होंने इसकी सूचना कोट कहलूर थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी गौरव भारद्वाज की अगुवाई में एक टीम ने गांव जज्जर में गुरमेल सिंह के घर पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 45 क्विंटल चावल बरामद किया, जिसमें से 20 क्विंटल चावल 40 बोरियां में बंद था, जबकि 25 क्विंटल चावल 50 बोरियां को फाड़कर खुले में रखा था। वहीं, पुलिस ने सचिव दर्शन कुमार और गुरमेल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी श्री नयनादेवी जी के डीएसपी पूर्ण चंद ने मामले की पुष्टि की है।