रामपुर। कोतवाली क्षेत्र में नकाबपोश चार बदमाशों ने एक ट्रांसपोर्टर के घर पर धावा बोलकर परिजनों को मारा पीटा और तमंचों के बल पर पचास हजार रुपये की नकदी व डेढ़ लाख रुपये के जेवर समेत दो लाख रुपये का माल लूट ले गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। बल्कि वह घटना संदिग्ध मान रही है।
घटना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खोदलपुर निवासी ट्रांसपोर्टर शफात खां बिलासपुर पब्लिक करियर एसोसिएशन के पूर्व सचिव हैं। वह मंगलवार की रात नये घर में सो रहे थे। जबकि, परिवार के अन्य सदस्य बराबर में बने दूसरे मकान में सो रहे थे। पूर्व सचिव के मुताबिक रात करीब दो बजे नकाबपोश चार बदमाश पश्चिम दिशा से खेतों के द्वारा उसके मकान में घुस गए। बदमाशों ने उसे सोते समय दबोच लिया और उसके तथा उसकी पत्नी जमीदा बेगम के उपर तमंचे तान दिए। सभी ने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए किचन में बांधकर डाल दिया और नकदी व जेवर सौंपने को कहा। विरोध करने पर बदमाशों ने दंपती को मारापीटा भी। इसके बाद दंपती से दूसरे मकान की किबाड़ें खुलवाईं। बदमाशों ने करीब दो घंटे के भीतर सभी को मारापीटा तथा सात माह के बालक का गला घोंटकर मार डालने की धमकी देते हुए पचास हजार रुपये व करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने व चांदी के आभूषण लूट लिए। बदमाशों ने उनके फोन भी तोड़ डाले और सुबह करीब चार बजे बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद मेन गेट खोलकर रात के अंधेरे में जंगल में चले गए। बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह बंधन मुक्त हुए परिजनों ने शोर मचाया तो पूरे गांव में जाग हो गई। पूर्व प्रधान भूरा खां समेत तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और बदमाशों की तलाश में कांबिंग भी की, मगर कोई बदमाश हत्थे नहीं आया। पुलिस ने तहरीर के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। कोतवाली प्रभारी माधो सिंह बिष्ट का कहना है कि चोरी की तहरीर आई है, जिसकी जांच हो रही है और घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है।