गांव कुलचंदू के व्यक्ति ने कुछ युवकों पर उनसे मारपीट करने, पत्नी के कपड़े फाड़ने, जातिसूचक शब्द कहने की शिकायत एसपी को दी है। सोमवार को पीड़ित एसपी से मिलने लघु सचिवालय पहुंचा। यहां पीड़ित ने आरोपियों को गिरफ्तार करने व उचित कार्रवाई करने की मांग की है। एसपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गांव कुलचंदू निवासी व्यक्ति ने एसपी कमलदीप को दी शिकायत में कहा कि 22 अगस्त रात करीब नौ बजे वह सामान लेने छोटा हाथी लेकर पाबनी कलां जा रहा था। कुछ दूर पहुंचा तो सामने से ट्रैक्टर-ट्राली आ रही थी। ट्रैक्टर ट्राली गांव साटरी निवासी जोनी की थी। उसने ट्रैक्टर उसकी गाड़ी के सामने अड़ा दिया और अपनी गाड़ी हटाने को कहा। पीड़ित ने बताया कि इस दौरान आरोपी जानबूझ कर उससे झगड़ा करने लगा। इस दौरान आसपास के लोगों ने इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। उसे बचाने के उसकी पत्नी व अन्य सदस्य पहुंचे तो आरोपी ने अपने कुछ साथी बुला लिए। उन्होंने आते ही उस पर हमला कर दिया और उसका सिर फोड़ दिया। उसकी पत्नी हाथ जोड़कर न मारने की गुहार लगाती रही। इसके बाद आरोपियों ने उसके परिवार के अन्य लोगों पर भी हमला कर दिया। सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इसमें केस तो दर्ज कर लिया, लेकिन किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई। एसपी ने मामले में उचित जांच करत सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।