{"_id":"64a57153b9e073517f03ed63","slug":"people-planted-paddy-on-the-road-in-protest-against-the-bad-road-in-yamunanagar-2023-07-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Yamunanagar: टूटी सड़क पर लगाई पौध, निकाली विकास शव यात्रा, लोग बोले- पैदल भी वाहन से आगे निकल जाते हैं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Yamunanagar: टूटी सड़क पर लगाई पौध, निकाली विकास शव यात्रा, लोग बोले- पैदल भी वाहन से आगे निकल जाते हैं
Wed, 05 Jul 2023 07:04 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, यमुनानगर (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, यमुनानगर (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Wed, 05 Jul 2023 07:04 PM IST
सार
विश्वकर्मा चौक से लेकर जोड़ियों तक सड़क टूटी पड़ी है। लोग बोले कि पैदल लोग भी वाहन से आगे निकल जाते हैं। लोगों ने कहा कि सड़क की हालत ऐसी हो गई है कि अब इस पर खेती कर सकते हैं।
विज्ञापन
टूटी सड़क पर लगाई पौध, निकाली विकास शव यात्रा
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
हरियाणा के यमुनानगर शहर के विश्वकर्मा चौक से रादौर रोड पर जोड़ियां नाका तक सड़क की खस्ता हालत और यहां रोजाना हो रहे हादसों से गुस्साए लोगों ने प्रदेश सरकार पर कटाक्ष करते हुए विकास शव यात्रा निकाली। विकास यात्रा ममीदी मोड़ से शुरू होकर जोड़ियां नाका पर पहुंची। जहां उसमें आग लगा दी गई।
विज्ञापन
इतना ही नहीं एक बुजुर्ग ने तो सड़क के बीच बने गड्ढे में धान की फसल की पौध ही लगा दी। लोगों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने सरकार पर न केवल क्षेत्र की अनदेखी के आरोप लगाए बल्कि महंगाई को लेकर भी घेरा।
विज्ञापन
जोड़ियों नाका तक लेकर गए विकास की शव यात्रा
विकास की शव यात्रा में ममीदी, जैन कॉलोनी, जम्मू कॉलोनी, कैंप के लोगों ने हिस्सा लिया। इन कॉलोनियों के लोगों जुली त्यागी, राहुल, अनिल, जसविंद्र काला, दिनेश, धर्मपाल, दीपक धीमान, रोबिन कांबोज, मोहित त्यागी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने उनके क्षेत्र में इतना विकास कराया है कि क्षेत्र से सड़कें ही गायब हो गई। सड़कें टूट चुकी हैं। अब सड़कों के पत्थर, बजरी दूर तक फैल चुके हैं। गड्ढों में पानी जमा हो गया है। हर समय यहां हादसा होने का खतरा रहता है। यमुनानगर से कुरुक्षेत्र जाने वाली सड़क जोड़ियां नाका तक इतनी बुरी तरह से टूटी हुई है कि इस पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
विज्ञापन
लोग बोले, सड़कें अब खेती करने लायक हो गई
लोगों ने कहा कि सड़क की हालत ऐसी हो गई है कि अब इस पर खेती कर सकते हैं। सरकार कह रही है कि पिछले नौ साल में उन्होंने इतने विकास कार्य करवा दिए हैं कि आज से पहले इतने कभी नहीं हुए। टूटी सड़कें विकास का जीता जागता सबूत हैं। लोगों ने कहा कि इस सड़क पर वाहन लेकर जाने से अच्छा है कि पैदल ही चल दें, क्योंकि पैदल आदमी वाहन से आगे निकल जाता है। कई बार मांग करने के बाद भी इस सड़क को नहीं बनाया जा रहा। लोगों ने महंगाई को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। गैस सिलिंडर 1100 रुपये के पार जा चुका है। खाने पीने के सामान की कीमतें आसमान को छू रही हैं।
लोगों को खिलाए समोसे
विकास की शव यात्रा में जो लोग शामिल हुए उन सभी को समोसे खिलाए गए। सभी को चाय भी पिलाई गई। लोगों ने कहा कि विकास की शव यात्रा में शामिल लोग काफी थक गए थे। इसलिए सभी को भूख लग गई थी। ऐसे में लोगों की भूख शांत करने के लिए उन्हें समोसे खिलाए गए और चाय पिलाई गई।