{"_id":"651880ddf441470f630b5e45","slug":"he-shot-his-wife-dead-and-buried-her-body-behind-the-house-yamuna-nagar-news-c-246-1-sknl1019-6657-2023-10-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"Yamuna Nagar News: गोली मार पत्नी की हत्या कर घर के पीछे दफनाया शव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Yamuna Nagar News: गोली मार पत्नी की हत्या कर घर के पीछे दफनाया शव
Sun, 01 Oct 2023 01:41 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
Updated Sun, 01 Oct 2023 01:41 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर (यमुनानगर)। शहर की शिव कॉलोनी में एक व्यक्ति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। फिर शव को घर के पीछे मिट्टी में दफना दिया। इसके बाद उसने परिजनों और संबंधियों को पत्नी के लापता होने की सूचना दे दी। साथ ही उनके साथ स्वयं भी तलाश में जुट गया। कई दिन तक जब महिला का कुछ पता नहीं लगा तो परिजनों और ससुरालियों ने खोजबीन शुरू की। जांच पड़ताल के दौरान जब महिला के भाइयों ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया। मृतका के भाइयों की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। यही नहीं पुलिस ने घर के पीछे खाली प्लॉट में दबे शव को सड़ी-गली हालत में बरामद कर लिया है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर के गांव कोड़का निवासी प्रकाश, बलदेव और अनिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 नवंबर 2005 को उनकी बहन रीना रानी की शादी शिव कॉलोनी रादौर निवासी राकेश सैनी के साथ हुई थी। राकेश सैनी फैक्टरी आदि में सुरक्षा कर्मचारी के तौर पर काम करता था, जिसके पास अपनी लाइसेंसी बंदूक भी है। उन्होंने बताया कि 20 सितंबर को उन्हें फोन पर बताया गया कि उनकी बहन रीना रानी अचानक कहीं चली गई है, जिसकी तलाश की जा रही है। इसके बाद वे स्वंय रादौर पहुंचे और बहन की तलाश शुरू की।
विज्ञापन
कई दिनों तक खोजबीन के बाद भी कहीं से रीना का सुराग नहीं लगा। इस दौरान राकेश सैनी पर उनका शक गहराता गया। इस पर उन्होंने सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि 20 सितंबर को सुबह चार बजे गोली मारकर रीना की हत्या कर दी थी। फिर शव को घर के पीछे खाली पड़े प्लॉट में मिट्टी के नीचे दबा दिया था। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी गुरमेल सिंह और फॉरेंसिक विभाग की टीम ने जांच पड़ताल कर मौके से सबूत जुटाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला के पति राकेश सैनी निवासी शिव कॉलोनी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन
तीन दिन शव को बेडरूम में रखा, बदबू आने लगी तो बोला- चूहा मरा होगा
हत्यारोपी राकेश ने लाइसेंसी बंदूक से 20 सितंबर को सुबह चार बजे अपनी पत्नी रीना की गोली मारकर हत्या कर दी थी, लेकिन घर में सो रहे अन्य लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। केवल राकेश के छोटे बेटे मोक्ष ने गोली चलने की आवाज सुनी, लेकिन उसने किसी को इस बारे नहीं बताया। आरोप है कि हत्या के बाद राकेश ने पत्नी रीना के शव तीन दिन तक अपने बेडरूम में रखा। इस दौरान किसी को उस कमरे में नहीं जाने देता था। जब बेडरूम से दुर्गंध आने लगी तो राकेश के बेटों ने खोजबीन शुरू की। इस पर राकेश ने चूहा मरा होने की बात कहकर टाल दिया। फिर मौका पाकर शव को घर के पीछे खाली प्लॉट में मिट्टी खोदकर दबा दिया।
वारदात के समय बंद कर दिए थे सीसीटीवी कैमरे
आरोपी राकेश के घर में तीन सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं, लेकिन राकेश ने अपनी पत्नी की हत्या के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को बंद कर दिया था। इतना ही नहीं राकेश ने घर के पीछे मिट्टी में दबाए गए अपनी पत्नी रीना के शव के ऊपर एक ट्राली मिट्टी भी डलवा दी थी, जिससे किसी को कुछ पता न चले।
मृतका के भाइयों ने की फांसी की सजा देने की मांग
मृतक महिला के भाई प्रकाश, बलदेव और अनिल ने बताया कि आरोपी राकेश सैनी ने जिस तरह से उनकी बहन की हत्या की है, उसके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के घिनौने अपराध के लिए दोषी को फांसी की सजा मिलनी ही चाहिए।
हत्यारोपी के दादा थे स्वतंत्रता सेनानी
हत्यारोपी राकेश सैनी के बेटे जसविंद्र व मोक्ष ने बताया कि उसके पिता मानसिक रोगी हैं, जो कि हिंसक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। आए दिन वह घर में झगड़ा करते थे और मां रीना को परेशान करते थे। उन्होंने बताया कि हत्यारोपी राकेश के दादा सरदारा सिंह स्वतंत्रता सेनानी थे और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की सेना में सिपाही थे, जिन्हें सरकार की ओर से स्वतंत्रता सेनानी के तौर पर सम्मानित भी किया गया था।
मामले में मृतका के पति राकेश सैनी पर हत्या, शव को खुर्द बुर्द करने समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मृतका के शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। - गुरमेल सिंह, डीएसपी, रादौर।