{"_id":"62129d8198cb4e7b7c76f2df","slug":"edited-the-girl-s-photo-and-sent-it-to-the-in-laws-house-the-panchayat-turned-the-face-of-the-young-man-black-yamuna-nagar-news-knl99601212","type":"story","status":"publish","title_hn":"यमुनानगरः लड़की की फोटो एडिट कर ससुराल भेजी, मामला बढ़ा तो पंचायत ने युवक का मुंह किया काला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यमुनानगरः लड़की की फोटो एडिट कर ससुराल भेजी, मामला बढ़ा तो पंचायत ने युवक का मुंह किया काला
Mon, 21 Feb 2022 01:28 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, यमुनानगर (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, यमुनानगर (हरियाणा)
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Mon, 21 Feb 2022 01:28 AM IST
सार
हरियाणा के यमुनानगर जिले में पंचायत द्वारा एक युवक का मुंह काला करने की सजा सुनाने का मामला सामने आया है। युवक पर एक युवती को बदनाम करने का आरोप है।
विज्ञापन
युवक का किया मुंह काला।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
हरियाणा के यमुनानगर में थाना बिलासपुर क्षेत्र के एक गांव में मौजिज लोगों की पंचायत ने युवती को बदनाम करने के आरोप में एक युवक को मुंह काला करने की सजा सुनाई। जिस पर लोगों ने युवक का मुंह काला कर दिया। वहां लोगाें ने उसे थप्पड़ भी जड़े। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में उसने दोबारा ऐसी हरकत की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिस पर युवक ने भरी पंचायत में कान पकड़ कर माफी मांगी।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि क्षेत्र के एक गांव की युवती की शादी कुछ दिन बाद होनी थी। दोनों परिवारों में शादी समारोह की तैयारियां जोरों पर चल रही थी। गांव का एक युवक उसी युवती से एक तरफा प्यार करता था। बताया जा रहा है कि युवक ने उस युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था जिस पर युवती ने मना कर दिया था। युवक ने उसे बदनाम करने की धमकी भी दी थी।
विज्ञापन
इसका बदला लेते हुए आरोपी युवक ने युवती की फोटो को अपनी फोटो के साथ एडिट करके उसकी ससुराल भेज दिया। जिससे ससुराल में युवती के बारे में तरह-तरह की बातें होने लगी। ससुराल वालों ने इस बारे में युवती के परिजनों से बात की। इसे लेकर दोनों पक्षों की बातचीत हुई।
विज्ञापन
जांच पड़ताल करने पर पता चला कि गांव के ही युवक ने यह साजिश रची थी। जिस पर गांव में मौजिज लोगों की पंचायत हुई। पंचायत ने इसे गंभीर मामला मानते हुए युवक का मुंह काला करने की सजा सुनाई। जिसके बाद युवक का मुंह काला किया गया।
शिकायत नहीं आई है: बलबीर सिंह
थाना बिलासपुर एसएचओ बलबीर सिंह का कहना है कि क्षेत्र में युवक का मुंह काला करने का समाचार उनके संज्ञान में जरूर आया है। परंतु अभी तक युवक के गांव का पता नहीं चला है। वहीं युवक की तरफ से भी उनके पास इस बारे में कोई शिकायत नहीं आई है। यदि शिकायत आई तो कार्रवाई की जाएगी।