गांव गुमथला में टूटे पड़े सड़क मार्ग पर मंगलवार की दोपहर को एक किसान की धान से लदी ट्रॉली अचानक पलट गई। टूटे पड़े सड़क मार्ग पर भारी मात्रा में पानी खड़ा हुआ है। जिससे धान की फसल पानी में गिरकर खराब हो गई। मेहनत व लागत से तैयार की गई किसान की फसल टूटी सड़क के गड्ढ़ों व सड़क पर खड़े पानी की भेंट चढ़ गई।
प्रभावित किसान ने लेबर की मदद से सड़क पर खड़े पानी में पड़ी अपनी मेहनत से तैयार की गई फसल को घंटों की मशक्कत के बाद समेटा। टूटी सड़क के कारण आए दिन हो रहीं दुर्घटनाओं को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है। प्रभावित किसान बालेश्वर निवासी नसरूलागढ़, जिला सहारनपुर, उत्तरप्रदेश ने बताया कि मंगलवार को वह अपने ट्रैक्टर-ट्राली में धान की लगभग 2 एकड़ फसल लोड करके यमुनानदी के नगली घाट पर बने अस्थाई पूल से गुजरकर गुमथला आया था। वह अपनी फसल को इंद्री अनाजमंडी में बेचने जा रहा था। इसी दौरान गांव गुमथला में टूटी पड़ी सड़क पर बने गड्ढों मेें भारी मात्रा में कंडरौली मोड के पास पानी खड़ा हुआ था। जहां उसकी फसल से लदी ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क पर पानी में पलट गई। जिससे उसे हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। बाद में किसान ने लेबर की मदद से सड़क पर पड़ी अपनी धान की फसल को समेटा।