रोहतक: अपनी तरह मुक्केबाज बनाना चाहते थे पिता, निशांत को पसंद था क्रिकेट, अब देश को जिताया वर्ल्ड कप
खेलों की दुनिया में हरियाणा सिरमौर बना हुआ है। ओलंपिक के बाद अब वेस्टइंडीज में हुए क्रिकेट के अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी हरियाणा के खिलाड़ी छाए रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अंडर-19 वर्ल्ड कप की भारतीय टीम में शामिल प्रदेश के तीन खिलाड़ी रोहतक से निशांत सिंधु, हिसार से दिनेश बाना व भिवानी से गर्व सांगवान शामिल थे। चौथे खिलाड़ी एवं टीम के कप्तान यश ढुल का संबंध भी हरियाणा से रहा है। इस कामयाबी पर खुद मुख्यमंत्री मंत्री ने ट्वीट किया है। अंडर-19 वर्ल्ड कप में प्रदेश के इन तीनों उभरते सितारों ने ही शानदार प्रदर्शन किया है। जीत के बाद से ही इन खिलाड़ियों के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है।
हरियाणा के रोहतक से निशांत सिंधु, हिसार के दिनेश बाना व भिवानी के गर्व सांगवान ने देश का प्रतिनिधित्व किया। इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल मैच में 50 रन बनाकर शेख रशीद आउट हुए तो निशांत सिंधु मैदान पर आए। एक ओर से भारत के विकेट गिरते रहे तो दूसरी ओर से निशांत ने मोर्चा संभाले रखा।
निशांत के साथ राज बावा ने अच्छी बल्लेबाजी की लेकिन 35 रन पर उन्होंने भी अपना विकेट गंवा दिया। इसके बाद कौशल तांबे भी एक रन बनाकर आउट हो गए और छह विकेट गिरने के बाद दिनेश बाना मैदान पर आए व निशांत के साथ मोर्चा संभाला। दिनेश ने धोनी स्टाइल में लगातार दो छक्के लगा कर मैच खत्म कर भारत को जीत दिलाई। निशांत ने 50 व दिनेश ने महज 5 गेंद में 13 रन बनाए। दोनों ही खिलाड़ी नॉट आउट रहे।
अपनी तरह निशांत को मुक्केबाज बनाना चाहते थे पिता
राज्य स्तरीय बॉक्सर रहे फुटवियर इंजीनियर सुनील सिंधु ने बताया कि बेटे निशांत को अपनी तरह मुक्केबाज बनाना चाहते थे। इसके लिए शुरू में करीब डेढ़ महीने उसे बॉक्सिंग कोच के पास लेकर भी गए। यहां उसका मन नहीं लगा। उससे बात की तो उसे क्रिकेट खेलने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद उसे क्रिकेट खेलने से नहीं रोका। यही नहीं, पहली बार उसे 100 रुपये का प्लास्टिक वाला बैट लाकर दिया था। बाद में उसे राम नारायण क्रिकेट क्लब में भेजा। यहां कोच की देखरेख में खेलते हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप तक पहुंच गया।
बेटे की इस सफलता पर पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। इस खुशी में हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन, अनिरुद्ध चौधरी व कोच ने अहम भूमिका निभाई। शिक्षिका मां वंदना ने बेटे के 50 रन की नाबाद पारी को बेहतर बताते हुए जीत में योगदान को सराहा। उन्होंने कहा कि अभी सीनियर विश्व कप मुकाबला करना है। इसके लिए और ज्यादा मेहनत करनी होगी। बिजली बोर्ड से सेवानिवृत्त ईश्वर सिंह ने पोते की उपलब्धि पर प्रसन्नता जाहिर की है।