{"_id":"e28a47ea423e07f76fd78ffe7dcc207a","slug":"two-died-during-sewar-clean","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीवर की सफाई कर रहे दो लोगों की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सीवर की सफाई कर रहे दो लोगों की मौत
अमर उजाला, गुड़गांव
Updated Thu, 28 Nov 2013 11:15 PM IST
विज्ञापन
अतिव्यस्त गुड़गांव-महरौली (एमजी) रोड पर बृहस्पतिवार सुबह हुडा के मास्टर सीवर की सफाई के दौरान दो सफाईकर्मियों की जहरीली गैस से मौत हो गई। उन्हें बचाने सीवर में उतरे दो अन्य कर्मचारियों की हालत गंभीर है। पुलिस ने ठेकेदार व कालोनाइजर कंपनी के मैनेजर के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन
मास्टर सीवर में वेवरली पार्क-एक के पास समस्या आई तो इसकी सफाई के लिए भिवानी के रवींद्र पुत्र प्रेम सिंह को उतरा गया था। जहरीली गैस के कारण वह बाहर निकलने का प्रयास कर रहा था तो बेहोश होकर वहीं गिर गया।
विज्ञापन
उसे निकालने के लिए भिवानी का राकेश उर्फ सुल्ला सीवर में गया तो वह भी बाहर नहीं निकल पाया। काफी देर तक दोनों बाहर नहीं निकले तो कुलदीप और वहां काम करने वाला माली गौरव नीचे उतरे।
विज्ञापन
गैस के कारण उन पर बेहोशी छाने लगी तो वे बाहर निकल आए। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से रविंद्र व राकेश को बाहर निकाला गया। तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
मृतक राकेश पुत्र सुला राम भिवानी के सदर थाने के कलिनगा और रविंद्र पुत्र प्रेम सिंह भिवानी के धनाना गांव के रहने वाले थे।
एसीपी डीएलएफ दलबीर सिंह व एसडीएम सत्येंद्र दुहन का कहना है कि सीवर की सफाई को लेकर कुछ विवाद है। इसके मद्देनजर पुलिस ने रविंद्र के भाई के बयान पर ठेकेदार नवीन और कलोनाइजर कंपनी के मैनेजर सुभाष के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है।