सोनीपत: बच्चों से भरी स्कूली बस को ट्रक ने मारी टक्कर, चालक समेत स्कूल के 12 छात्र घायल, पांच की हालत गंभीर
सोनीपत में विपरीत दिशा से आ रही रुक्मिणी देवी पब्लिक स्कूल की बस को ट्रक ने टक्कर मार दी। जिस वक्त यह हादसा हुआ बस में 32 स्कूली बच्चे सवार थे। हादसे में 12 बच्चों को चोट आई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में राई क्षेत्र में नेशनल हाईवे (एनएच)-44 पर गांव किशोरा के पास रुक्मिणी देवी स्कूल की बस को ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। बस स्कूल के गेट से अंदर प्रवेश कर रही थी। स्कूल बस विपरीत दिशा से आ रही थी। हादसे के दौरान बस में 32 विद्यार्थी सवार थे। इनमें से 12 घायल हो गए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद बस में चीखपुकार मच गई। स्कूल स्टाफ ने घायल बच्चों को दूसरी बस में बैठाकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे का पता लगते ही अभिभावकों में हड़कंप मच गया। वे स्कूल और बाद में अस्पताल में पहुंचे। पुलिस ने स्कूल बस चालक के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव मुरथल निवासी विकास ने पुलिस को बताया कि वह रुक्मिणी देवी स्कूल की बस पर चालक है। वह शुक्रवार सुबह विभिन्न गांवों से विद्यार्थियों को बस में बैठाकर स्कूल में पहुंचा था। जब वह मुख्य गेट से बस को स्कूल के अंदर लेकर जाने लगा तो इसी दौरान पानीपत की तरफ से आए ट्रक चालक ने बस को बीच में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बस का सहायक कुलदीप व कई विद्यार्थी घायल हो गए।
उसे भी चोट लगी। टक्कर लगते ही बस में चीखपुकार मच गई। स्कूल के गेट पर हुए हादसे के बाद स्टाफ सदस्य बाहर भागकर आए और तुरंत घायलों को दूसरी बस में बैठाकर बहालगढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलते ही बहालगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नागालैंड नंबर के ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने ट्रक चालक मेवात के पुन्हाणा के गांव बांसदला के रहने वाले अरसद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने विकास के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पांच छात्रों को बताया जा रहा फ्रेक्चर
हादसे में बस में सवार 32 विद्यार्थियों में 12 घायल हो गए। ज्यादातर विद्यार्थियों के चेहरे, सिर, सीने व पीठ पर चोटें आई हैं। घायलों में से पांच छात्रों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें फ्रेक्चर बताया जा रहा है।
यह विद्यार्थी हुए घायल
- अनुज दहिया - कक्षा आठ
- खिनम - कक्षा आठ
- कीर्ति - कक्षा 12
- शुभम कुमार - कक्षा आठ
- तीक्षा - कक्षा सात
- कर्तव्य कुमार - कक्षा छह
- रवीश कुमार - कक्षा चार
- रचना - कक्षा तीन
- वान्य - कक्षा छह
- मयंक कुमार - कक्षा आठ
- उर्वी - कक्षा चार
- अनुज कुमार - कक्षा आठ
विपरीत दिशा से आकर स्कूल में प्रवेश कर रहा था चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल बस चालक विपरीत दिशा से बस को लेकर आया था। जब वह बस को लेकर स्कूल में जाने लगा तो इसी दौरान ट्रक चालक ने बस को बीच में टक्कर मार दी, जिससे बच्चे घायल हो गए। लोगों ने बताया कि बस चालक अगर आगे से घूमकर आए तो उसे कई किलोमीटर का फेर लगाना पड़ता है। ऐसे में वह जल्दी के चक्कर में विपरीत दिशा से आ रहा था। हालांकि ट्रक चालक ने भी लापरवाही बरती और स्कूल में अंदर जा रही बस को टक्कर मार दी।
पूर्व मंत्री कविता जैन व भाजपा नेता ललित बत्रा ने जाना विद्यार्थियों का हाल-चाल
पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने दुर्घटना में घायल विद्यार्थियों का हाल-चाल जानने के लिए अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने उपचाराधीन बच्चों से भेंट करते हुए कुशलक्षेम पूछा। साथ ही उन्होंने अस्पताल प्रशासन को बच्चों का बेहतरीन उपचार करने संबंधी दिशानिर्देश देते हुए पुलिस को दुर्घटना का कारण बने ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं भाजपा नेता ललित बत्रा भी बच्चों का हालचाल पूछने अस्पताल में पहुंचे। उन्होंने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच कर ठोस कार्रवाई की जानी चाहिए। मामले में बस चालक की भी जांच होनी चाहिए।
बच्चों के परिजन बोले, जांच कराकर की जाएगी कार्रवाई
हादसे में घायल विद्यार्थियों के अभिभावकों ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। अभिभावक देवेंद्र ने बताया कि स्कूल में उसके तीन बच्चे पढ़ते हैं। स्कूल बस पर उत्कृष्ट चालक को ही रखा जाना चाहिए। निगम पार्षद मुनीराम ने कहा कि हादसे में उनकी बेटी घायल हुई है। पुलिस को जांच करनी चाहिए कि ट्रक चालक के साथ बस चालक ने तो गलती नहीं की है। बच्चों की सुरक्षा सभी के लिए सर्वोपरि होनी चाहिए।
चल रही है सुरक्षित वाहन पॉलिसी
सुरक्षित वाहन पॉलिसी में उपायुक्त ने संबंधित क्षेत्रों के एसडीएम को नोडल अधिकारी बनाया है। हमने शिक्षाधिकारी और संबंधित एसडीएम को सुरक्षित वाहन पालिसी की गाइडलाइन भेज दी है। विपरीत दिशा से वाहनों का संचालन रोकने का काम पुलिस का है। कार्यशाला आयोजित कर स्कूल प्रबंधन को जागरूक किया जा रहा है। - मानव मलिक, जिला परिवहन अधिकारी
शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल की जांच की जा रही है। इसके साथ ही स्कूल बसों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। - इंस्पेक्टर ऋषिकांत सिंह, थाना प्रभारी बहालगढ़