फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Sonipat News ›   The noise of municipal elections has stopped, now candidates will reach every house

Sonipat News: नगर निगम चुनाव का शोर थमा, अब घर-घर पहुंचेंगे प्रत्याशी

Sat, 09 May 2026 02:17 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत Updated Sat, 09 May 2026 02:17 AM IST
विज्ञापन
The noise of municipal elections has stopped, now candidates will reach every house
फोटो :: सोनीपत में नगर निगम चुनाव को लेकर पुलिस अधिकारियों की बैठक लेती पुलिस आयुक्त ममता सिंह। - फोटो : Archive
सोनीपत। नगर निगम चुनाव का शोर आखिरकार शुक्रवार शाम थम गया। इसके साथ ही शहर की सड़कों, गलियों और चौक-चौराहों पर एक महीने से दिखाई दे रही राजनीतिक हलचल भी शांत हो गई। चुनावी नारों, रोड शो, बाइक रैलियों और जनसभाओं की गूंज अब थम चुकी है।
विज्ञापन


शुक्रवार को प्रचार अवधि समाप्त होते ही प्रत्याशियों ने मतदाताओं तक पहुंचने के लिए घर-घर संपर्क अभियान तेज कर दिया है। अब रविवार को होने वाले मतदान में शहर की जनता मताधिकार का प्रयोग कर मेयर और पार्षद पद के उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेगी।
विज्ञापन

नगर निगम के 22 वार्डों में 10 मई को होने वाले मतदान में 2,96,045 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1, 53, 380 पुरुष, 1, 42, 658 महिला और 7 मंगलामुखी मतदाता शामिल हैं। चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण व पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए इंतजाम किए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

जिला निर्वाचन अधिकारी और उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद किसी भी प्रकार की जनसभा, रोड शो, रैली अथवा लाउडस्पीकर के प्रयोग की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन और पुलिस विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
नगर निगम चुनाव इस बार भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन अपने नौ महीने के कार्यकाल और सरकार के विकास कार्यों को प्रमुख मुद्दा बनाकर चुनाव मैदान में हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी कमल दिवान नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार और विकास कार्यों की धीमी गति को मुद्दा बनाकर जनता के बीच पहुंचे हैं। ऐसे में अब जनता किसके दावों और वादों पर भरोसा जताती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। इनके अलावा इनेलो से आनंद कुमार (चश्मा), निर्दलीय रमेश कुमार खत्री, कमलेश कुमार सैनी, संत धर्मवीर चोटीवाला, अनिल सिंघल, चांद राम और हवा सिंह मैदान में हैं।
इंसेट
मतदान केंद्रों पर सुविधाओं को दिया अंतिम रूप

चुनाव को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए नगर निगम क्षेत्र में 264 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। पुलिस बल के साथ चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय, रैंप और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। बुजुर्गों, दिव्यांगों और महिला मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी प्रशासन ने जोर दिया है।

इंसेट
अंतिम दिन प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत

चुनावी मुकाबले को लेकर शहर में राजनीतिक सरगर्मियां अंतिम समय तक चरम पर रहीं। भाजपा, कांग्रेस, इनेलो और निर्दलीय उम्मीदवारों ने प्रचार के अंतिम दिन पूरी ताकत झोंक दी। अब सभी की नजर 10 मई के मतदान और 13 मई को आने वाले परिणामों पर टिकी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार शहरी मतदाताओं का रुझान और मतदान प्रतिशत कई राजनीतिक समीकरण बदल सकता है।


पहले चुनाव में कांग्रेस, उपचुनाव में भाजपा रही विजयी

सोनीपत नगर निगम बनने के बाद वर्ष 2020 में पहली बार मेयर चुनाव हुआ था जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी निखिल मदान ने भाजपा उम्मीदवार ललित बत्रा को 13818 मतों से हराकर जीत दर्ज की थी। बाद में निखिल मदान भाजपा में शामिल हो गए और वर्तमान में सोनीपत से विधायक हैं। उनके इस्तीफे के बाद हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन ने कांग्रेस के कमल दीवान को 34749 मतों से पराजित कर मेयर पद हासिल किया था।




पुलिस अलर्ट, अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर

नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, मतदान केंद्रों पर सुरक्षा मजबूत करने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को लगातार गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तेज करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर समय रहते रोक लगाई जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed