सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गन्नौर में शनिवार को गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान महिला विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक सलाह एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गई। इस दौरान करीब 150 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण जिसमें खून, पेशाब की जांच, वजन, ब्लड प्रेशर, शुगर, हैपिटाइटस-बी, वीडीएलआर, एचआईवी आदि की नि:शुल्क जांच की गई। शिविर के दौरान शहर व विभिन्न गांवों से आई गर्भवती महिलाएं अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। एसएमओ डॉ. टीना आनंद ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर के आयोजन से खून की कमी व कमजोर गर्भवती महिलाओं को अत्यधिक लाभ मिला। उन्हें समुचित उपचार मिलने से उनके बच्चे भी कमजोर पैदा नहीं होंगे और प्रसव के बाद महिला भी स्वस्थ रहेंगी। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को संतुलित पौष्टिक आहार का सेवन करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं के आहार में प्रोटीन, विटामिन और मिनरल शामिल होने चाहिए। दाल, चावल, सब्जियां, रोटी और फलों को रोज के आहार में शामिल करें। सुबह-शाम दूध पीना चाहिए। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं को गहरे हरे रंग की सब्जियां जरूर खानी चाहिए। मैदे का उपयोग कम से कम करें तथा संतरे, अंगूर और केले को रोज की खुराक में शामिल करें।