प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने यूपी व दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रणनीति तय की। विधानसभा चुनाव को लेकर जिला पुलिस लगातार आसपास के राज्यों की पुलिस के भी संपर्क में हैं। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए सोनीपत पुलिस ने अंतरराज्यीय सीमाओं पर चौकसी पर जोर दिया है। इसको लेकर उत्तर प्रदेश व दिल्ली पुलिस के साथ विचार-विमर्श किया गया।
विधानसभा चुनावों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए राई विश्राम गृह में बैठक का आयोजन किया गया था। समन्वय बैठक की अध्यक्षता कर रहे एएसपी उदय सिंह ने उत्तर प्रदेश व दिल्ली से आए पुलिस अधिकारियों के साथ सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने पर चर्चा की। जिससे असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके। बैठक में अवैध शराब, मादक पदार्थ तस्करी व हथियार तस्करी को देखते हुए अंतरराज्यीय सीमा पर सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया। एएसपी उदय सिंह ने कहा कि अपराधियों के बारे में जानकारी साझा किया जाए ताकि उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जा सके। एएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को आपस में सूचना प्रेषित कर तालमेल बनाएं रखने का भी आह्वान किया। बैठक में डीएसपी हरेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार, अलीपुर थाना प्रभारी सुनील कुमार, कंझावला थाना प्रभारी रामअवतार, बागपत थाना प्रभारी अरविंद कुमार, एसआईएस राज सिंह आदि मौजूद रहे।