सोनीपत। जीवीएम कन्या महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ सोमवार को वैदिक परंपरा के अनुसार हुआ। इसमें मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और विधिवत हवन किया गया। छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने ज्ञान, संस्कार तथा सफलता की कामना की।
संस्था के प्रधान डॉ. ओपी परूथी और प्राचार्य डॉ. मंजुला स्पाह ने छात्राओं का स्वागत कर नए सत्र की शुभकामनाएं दीं। उपाध्यक्ष रवि गांधी, कोषाध्यक्ष राजेश रेलन और शासी निकाय सदस्य मनोहर कुमार ने भी छात्राओं को शुभाशीष दिए। प्राचार्य डॉ. मंजुला स्पाह ने हवन में पूर्णाहुति दी। उन्होंने कहा कि हवन भारतीय सांस्कृतिक विरासत, सकारात्मक ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है।
प्राचार्य ने छात्राओं को महाविद्यालय के नियमों और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने एनएसएस, एनसीसी, खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।