गांव थाना कलां में अपनी ससुराल में आकर ससुर की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दामाद के भांजे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है।
थाना कलां निवासी हर्ष ने 10 अक्तूबर को पुलिस को बताया था कि उसकी बहन सीमा की शादी करीब सात वर्ष पहले ककरोला, दिल्ली निवासी संजीव के साथ हुई थी। ससुराल पक्ष के लोग सीमा को प्रताड़ित कर पैसों की मांग करते रहते थे। 9 अक्तूबर को उसका बहनोई संजीव व बहन सीमा थाना कलां उनके घर आए थे। संजीव ने पैसों की मांग की तो उसके पिता रमेश ने पैसों का इंतजाम करने का आश्वासन दिया था। रात को संजीव अपने ससुर के साथ एक कमरे में बैठा हुआ था। रमेश के बेटे हर्ष का कहना है कि देर रात संजीव की मां, बीरो, बहन गीता, कविता व भांजे सागर, चिंटू व लवजीत उनके घर आए थे। इसी बीच संजीव ने उसके पिता को बेड पर गिराकर सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले में संजीव के भांजे मूलरूप से गांव खुरमपुर फिलहाल ककरोला निवासी सागर को गिरफ्तार कर लिया है। उसे चार दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।