यूपी चुनाव: अलर्ट पर हरियाणा पुलिस, केजीपी समेत तीन जगह लगाए विशेष नाके, वाहनों की कर रहे जांच
सभी वाहनों को जांच के बाद ही उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। डीएसपी ने कहा कि सुरक्षा में किसी तरह की कोताही नहीं होने देंगे। शराब तस्करी पर लगाम को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं। सीसीटीवी से भी निगरानी रखी जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पड़ोसी राज्य यूपी में चुनाव को लेकर हरियाणा पुलिस अलर्ट पर है। सोनीपत में केजीपी टोल प्लाजा समेत तीन जगह विशेष नाके लगाकर हर वाहन को जांच के बाद ही यूपी भेजा जा रहा है। चुनाव के मद्देनजर शराब की अवैध तस्करी पर नकेल कसने के लिए प्रशासन और पुलिस ने आदेश दिए हैं। इसके लिए पुलिस नाकों के साथ-साथ टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है।
चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार उत्तर प्रदेश चुनाव में शराब की अवैध तस्करी रोकने व सुरक्षा के लिए सोनीपत पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। इसके लिए पुलिस ने केजीपी, केएमपी टोल पर पुलिस के नाके लगाए हैं। साथ ही गढ़मिरकपुर के पास यमुना के निकट भी नाका लगाया गया है।
यहां से हर वाहन को जांच के बाद आगे भेजा रहा है। ट्रक से लेकर कार तक ही चेकिंग की जा रही है, जिससे शराब तस्करी समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह व्यवस्था यूपी चुनाव संपन्न होते तक जारी रहेगी।
केजीपी टोल नाके पर एलएमजी के साथ पुलिस जिप्सी लगाई
केजीपी टोल प्लाजा के पास एलएमजी (लाइट मशीन गन) के साथ पुलिस की जिप्सी को खड़ा किया गया है। जिप्सी पर तैनात पुलिसकर्मी बारीकी से निगाह रखे हुए है। साथ ही पुलिस टोल पर प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे से भी सुरक्षा बढ़ाने में मदद ले रही है।
यूपी प्रशासन से हो चुकी बैठक
उत्तर प्रदेश चुनाव के दृष्टिगत सोनीपत के राई में यूपी व रोहतक मंडल के एडीजीपी स्तर के अधिकारियों व एसपी की बैठक पहले ही हो चुकी है। इसमें शराब तस्करी को रोकने समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा हो चुकी है। उसी के तहत पुलिस हर संभव एहतियात बरत रही है।
गैरकानूनी गतिविधियों पर रखी जा रही नजर : डीएसपी
डीएसपी मुख्यालय विपिन कादियान ने बताया कि उत्तर प्रदेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पुलिस की बड़ी जिम्मेदारी है कि शराब तस्करी जैसी कोई भी गैरकानूनी गतिविधि न हो। इसके लिए पुलिस द्वारा नाके लगाए गए हैं। चेकिंग के बाद ही वाहन चालकों को जाने दिया जा रहा है।
साथ ही यूपी पुलिस की तरफ से वहां शराब की तस्करी करने वालों के कुछ नाम भी मिले हैं। इसे लेकर गहनता से चौकसी की जा रही है। लोगों से अपील है कि कोई अवैध रूप से शराब बेचता है तो उसकी सूचना भी पुलिस-प्रशासन को दी जाए।