फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Sonipat News ›   Hahakr making power on

बिजली पर मचा हाहाकर

Sat, 12 Jul 2014 01:20 AM IST
Amar Ujala Bureau Sonipat
Amar Ujala Bureau Sonipat Updated Sat, 12 Jul 2014 01:20 AM IST
विज्ञापन

विज्ञापन
सोनीपत में रामनगर वासियों ने लगाया जाम
हनुमान नगर में बिजली कटौती को लेकर प्रदर्शन
गढ़ी ब्राह्मणान स्थित सब-स्टेशन पर जताया ग्रामीणों ने रोष
सरढाणा सब-स्टेशन पर ग्रामीणों ने जड़ा ताला, रोड जाम
गन्नौर में बिजली शिकायत केंद्र पर ग्रामीणों का हंगामा


सोनीपत। बिजली की किल्लत को लेकर जिलेभर में हाहाकार मचा हुआ है। शुक्रवार को जिलेभर में कई जगहों पर लोग सड़कों पर उतर आए। गन्नौर में बिजली की कमी के चलते जहां गुरुवार देर रात लोगों ने बिजली शिकायत केंद्र पर हंगामा किया। वहीं सरढाना सब-स्टेशन पर शुक्रवार को ग्रामीणों में ताला जड़ दिया। इसी कड़ी में शुक्रवार को शहर में वेस्टराम नगर के लोगों ने सड़क पर घंटों जाम लगाए रखा। शहजादपुर, ठरू, जाहरी और चटिया के लोगों ने गढ़ी ब्राह्मणान सब-स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। हनुमान नगर के लोगों ने कॉलोनी में ही विरोध प्रदर्शन किया। इसी तरह गीता भवन क्षेत्र के लोग भी बिजली शिकायत को लेकर प्रदर्शन करते दिखे।
पांच दिन से बिजली किल्लत झेल रहे वेस्ट रामनगर के लोगों के सब्र का बांध टूट गया। बिजली निगम के खिलाफ उपजा रोष लोगों ने सड़क पर उतारा और तीन घंटे तक जाम लगाए रखा। लोगाें ने विभाग और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही। सुबह लगभग 10 बजे ही वेस्ट रामनगर के लोगों ने सूरी पेट्रोल पंप वाली गली में जाम लगा दिया था। लगभग 12 बजे मौके पर पब्लिक हेल्थ के एसडीओ कुलदीप सिंह, जेई सुरेंद्र सरोहा, विनोद योगी तथा बिजली निगम से एसडीओ प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। इन अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही लोगों ने लगभग एक बजे जाम खोला। गोहाना रोड फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण के चलते सूरी पेट्रोल पंप वाली गली वाहनों के आवागमन का मुख्य रास्ता है। इसी गली में जाम लगने के कारण वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। जाम भी काफी देर तक रहा, इस कारण लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी।
विज्ञापन


हनुमान नगर में किया प्रदर्शन
हनुमान नगर में भी बिजली को लेकर लोगों ने जमकर बवाल काटा। सड़कों पर इकट्ठा होकर लोगों ने रोष प्रदर्शन किया। लोगों ने बताया कि कामी रोड, वार्ड नबंर 1 के ट्रांसफार्मर में गुरुवार शाम को तकनीकी खराबी के चलते फ्यूज उड़ गया था। इस बारे में शाम को ही बिजली निगम के अधिकारियों को शिकायत कर दी थी, इसके बावजूद खराबी को दूर नहीं किया गया। प्रदर्शनकारी सरोज बाला, धनपति, सुमित्रा, रामदेवी, नीटू, कर्मबीर, काला, भुल्लर, प्रेम, सतपाल आदि ने बताया कि शाम को बिजली गायब होते ही शिकायत की गई थी। इसके बावजूद 11 बजे तक कोई बिजली कर्मी नहीं पहुंचा। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनके यहां बिजली व्यवस्था जल्द दुरुस्त नहीं की गई तो वे सड़कों पर उतर आएंगे। मौके पर आए बिजली निगम के अधिकारियों ने जल्द ही खराबी दूर करने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


सब-स्टेशन पर पहुंचे कई गांवों के ग्रामीण
शुक्रवार सुबह ही गांव गढ़ी ब्राह्मणान स्थित सब-स्टेशन पर कई गांवों के ग्रामीण पहुंचे। गांव शहजादपुर, ठरू, जाहरी और चटिया के ग्रामीणों ने निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार को नाकारा बताया। लोगों ने आरोप लगाया कि गांव में बिजली व्यवस्था सुचारू नहीं है। इसी दौरान किसानों ने भी जी भर के भड़ास निकाली। किसानों ने बताया कि धान का सीजन शुरू हो रहा है, इसीलिये उन्हें पानी चाहिए। बरसात हो नहीं रही, ऐसे में बिजली ही सहारा है, लेकिन बिजली भी उन्हें नहीं मिल रही। बेचारा गरीब किसान कहां जाए। प्रदर्शन के दौरान निगम के एसडीओ धर्मबीर शर्मा ने ग्रामीणों को शांत कराया। इसके बाद उन्हें शेड्यूल के अनुसार बिजली उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही ग्रामीणों ने पावर हाउस छोड़ा। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पावर हाउस पर ताला जड़ने की कार्रवाई भी शुरू कर दी थी, लेकिन अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण मान गये।

सरढाणा सब-स्टेशन पर ग्रामीणों ने जड़ा ताला
अमर उजाला ब्यूरो  
गन्नौर। शुक्रवार को आधा दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों ने बिजली समस्या को लेकर सरढाणा स्थित सब-स्टेशन पर ताला लगा दिया। ताला लगाने के बाद ग्रामीणों ने गन्नौर-गोहाना सड़क मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़े कर के जाम लगा दिया। ग्रामीणों का साथ देने के लिए काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल रही। सूचना मिलने पर बिजली विभाग के एसडीओ एसके त्यागी और तहसीलदार सतीश गुप्ता मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से ताला व जाम खोलने की अपील की। ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। अधिकारियों द्वारा शेड्यूल के हिसाब से बिजली आपूर्ति करने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने तीन घंटे बाद 10 बजकर 54 मिनट पर जाम को खोला।
सरढाणा स्थित सब-स्टेशन पर शुक्रवार सुबह 7 बजे बली, पुगथला, सरढ़ाणा, तेवड़ी, नयाबांस, खुबडू और समसपुर गामड़ा गांवों के ग्रामीण बिजली समस्या को लेकर इक्कठे हुए। उन्होने वहां पर कार्यरत कर्मचारियों से समय पर बिजली नहीं देने की बात कहते हुए अपनी समस्या को रखा। इन कर्मचारियों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने सुबह करीब आठ बजे सभी कर्मचारियों को सब-स्टेशन से बाहर निकाल कर उस पर ताला जड़ दिया। ग्रामीण यहीं नही रुके इसके बाद उन्होंने गन्नौर-गोहाना सड़क मार्ग पर अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़े करके जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के प्रति असंतोष जाहिर करते हुए नारेबाजी की तथा बिजली आपूर्ति को सुचारू रूप से बहाल करने की मांग की। सूचना मिलने पर बिजली विभाग के एसडीओ एसके त्यागी तथा तहसीलदार सतीश गुप्ता मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से बात करके जाम खुलवाने की अपील की। ग्रामीण बिजली आपूर्ति को सही ढंग से बहाल करने तक जाम नही खोलने की अपनी मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कई दिनों से नहीं आ रही है। इस कारण घरों में पेयजल के साथ ही आटा भी खत्म हो गया है। आटा पिसा हुआ नहीं होने से भूखा ही रहना पड़ रहा है। खेतों की लाइन का तो बहुत ही बुरा हाल है। पशुओं का चारा नहीं कट पाने के कारण पशुओं को भी भूखा रहना पड़ रहा है। इस दौरान उप-निरीक्षक धीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर किसी भी प्रकार की घटना से निपटने के लिए तैयार रहे। काफी मशक्कत के बाद अधिकारियों द्वारा शेड्यूल के हिसाब से बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन देने पर ग्रामीणों ने करीब 10 बजकर 54 मिनट पर जाम खोल दिया। सरढाणा सब-स्टेशन पर लगाए गए ताले को खुलवाने के लिए पहुंचे बिजली विभाग के एसडीओ एसके त्यागी ने ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए खुबडू फीडर से ओवरलोड हटाते हुए उसे नया बांस डीएस पर डाल दिया ताकि ग्रामीणों को बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से की जा सकें।

बिजली शिकायत केंद्र में पहुंच कर काटा बवाल
अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर। उपमंडल के ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में बिजली पानी की समस्या को लेकर सैकड़ों शहर वासियों ने बृहस्पतिवार देर रात नगर पालिका स्थित बिजली शिकायत केंद्र में पहुंच कर बिजली निगम और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। रोष प्रकट करते हुए शहरवासी सुरेंद्र, महेश, अंकित, सुबोध शर्मा, यासीन, महेंद्र, सूरजभान ने कहा कि पिछले कई दिनों से बिजली की समस्या बनी हुई है। बिजली दिन में केवल 2-3 घंटे ही आती है। रात को बिजली के दर्शन भी नहीं होते। दिन में भी बिजली के आने-जाने का कोई समय नहीं है। बिजली न आने के कारण उन्हें पीने का पानी भी उपलब्ध नहीं हो रहा। बच्चे पानी की एक-एक बूंद को तरस रहे हैं। गर्मी के कारण जीना दुश्वार हो गया है। उन्हाेंने प्रशासन को चेतावनी दी की जल्द ही बिजली समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आन्दोलन करने पर मजबूर होंगे। सूचना पाते ही उपनिरीक्षक राजीव कुंडू और नीरज कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद समझा बुझाकर लोगों को शांत किया। शहरवासियों का कहना था कि बिजली से ही सभी कार्य संभव है, लेकिन पिछले 15 दिनों से बिजली आंख मिचौली का खेल खेल रही है। दिनभर काम कर के वापिस घर लौटते हैं परंतु रात को बिजली न होने के कारण उन्हें बेहद परेशानी उठानी पड़ती है। इन्वर्टर भी रात होने तक दम तोड़ जाते हैं जिससे स्थित बद से बद्तर हो जाती है। शहरवासियों ने प्रशासन को दो दिन का समय दिया है यदि बिजली-पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे रोड जाम कर देंगे।

सूचना पर भी मौके पर नहीं पहुंचे अधिकारी
प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद भी बिजली विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों को गुस्सा और भड़क गया। उपनिरिक्षक राजीव कुंडू लगातार बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन कर रहे थे, लेकिन अधिकारी उन्हें भी थोड़ी देर में बिजली चालू करने का आश्वासन देते रहे। पुलिस अधिकारियों ने सूझ-बूझ से काम लेकर शहरवासियों को शांत किया और दो घंटे बाद बिजली आने के बाद शहरवासी वापिस घरों में लौट गए।


क्या कहते है एसडीओ
इस बारे में बिजली विभाग के एसडीओ एसके त्यागी ने बताया कि अब बिजली का लोड ज्यादा है और जब भी वे बिजली को चलाते है तो अपने आप ही ओवर लोड होने के कारण कट हो जाती है। बिजली की समस्या के समाधान के लिए हर समय कर्मचारी रात भर जुटे रहते हैं। जल्द ही समस्या का स्थाई समाधान कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed