पढ़ें-ठगी का बेहद शातिर मामला, बिछाया जाल और 1.20 करोड़ रुपये लेकर युवक हुआ फरार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मनी एक्सचेंज के नाम पर व्यक्ति को झांसे में लेकर 1.20 करोड़ रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। जिसमें हाईवे स्थित सुखदेव ढाबे के बाहर से पीड़ित व्यक्ति को झांसे में लेकर आरोपी 95 लाख रुपये लेकर भाग गया।
आरोपी मनी एक्सचेंजर से पहले भी कारोबार में साझेदारी के नाम पर 25 लाख रुपये ले चुका था। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने व्यक्ति, उसकी पत्नी व बेटी के खिलाफ अमानत में खयानत व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों के बारे में सुराग लगा रही है।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी की दाल मंडी रोड निवासी हसीन अहमद ने पुलिस को बताया कि वह मनी एक्सचेंज व प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। पांच महीने पहले उसके एक परिचित ने उसे दिल्ली में रह रहे पंजाब के नवांशहर निवासी नरेश कुमार गोयल नाम के व्यक्ति से मिलवाया था। उन्होंने बताया था कि नरेश भी मनी एक्सचेंज का काम जानता है।
मुलाकात में नरेश ने बताया था कि नवांशहर के बहुत से लोग विदेश में रहते हैं। वहां पर मनी एक्सचेंज का काम अच्छा है। इसके बाद नरेश ने उसे अपने शहर में बुलाया था। वह अपने एक अन्य दोस्त के साथ 30 जून को नवांशहर गया था। जहां नरेश ने अपनी पत्नी मंजू व बेटी टीशा व कई अन्य संबंधियों से मिलवाया था।
बाद में 21 जुलाई को नरेश वाराणसी आया और व्यवसाय के बारे में बातचीत की। तय हुआ कि नवांशहर में एक कार्यालय खोला जाएगा। पीड़ित का आरोप है कि उसने काम के लिए 25 लाख रुपये नरेश को दे दिए थे। बाद में 3 अगस्त को नरेश ने फोन कर बताया कि यूरो, डॉलर को लेकर डील है। जिसके लिए 1.30 करोड़ रुपये की जरूरत है।
हसीन अहमद का कहना है कि वह 5 अगस्त को 95 लाख रुपये लेकर अपने एक दोस्त के साथ दिल्ली आ गया। जहां नरेश अपनी पत्नी व बेटी के साथ आया हुआ था। वह अपने दोस्त के साथ नरेश की गाड़ी में सवार होकर पंजाब के लिए चल पड़े। रात करीब आठ बजे मुरथल स्थित सुखदेव ढाबे पर खाना खाने के लिए गाड़ी रोक ली।
इसी बीच नरेश की पत्नी व बेटी ने खाना खाने से इंकार करते हुए गाड़ी में ही रुपयों की सुरक्षा के लिए बैठे रहने की बात कही। साथ ही कहा कि उनकी तबीयत खराब है। जिस पर नरेश व अपने दोस्त के साथ वह अंदर खाना खाने चला गया। वहां जाकर नरेश ने वेटर को कोल्ड ड्रिंक्स व सेंडविच आर्डर कर दी। वेटर सेंडविच व कोल्ड ड्रिंक्स कुछ देर में लेकर आ गया।
पत्नी-बेटी को खाना देने के बहाने आकर 95 लाख लेकर फरार
वह वेटर के साथ कार में अपनी पत्नी व बेटी को खाने का सामान देने की बात कह कर चला गया। काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब वह नहीं लौटा तो उन्होंने बाहर जाकर देखा। वहां पर कार नहीं थी। आरोपी उसके 95 लाख रुपये लेकर भाग गया। इससे पहले भी वह 25 लाख रुपये ले चुका था।
आरोपी ने अपने परिवार के साथ मिलकर उसे एक करोड़ 20 लाख रुपये की ठगी की है। जब उसने फोन पर बात की तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दे डाली। उसने मामले से पुलिस को अवगत कराया। जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। वह अपने स्तर पर आरोपियों का पता लगाने में लगा रहा। जब सुराग नहीं लगा तो पुलिस को शिकायत दी। मुरथल थाना पुलिस ने अमानत में खयानत व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।