गोहाना (सोनीपत)। खेतों में फसल के अवशेष को जलाने पर रोक नहीं लग पा रही है। किसान लगातार खेतों में फसलों के अवशेष जला रहे हैं। इस पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की टीम ने हरसेक की लोकेशन मिलने पर क्षेत्र में अवशेष जलाने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पांच किसानों के चालान काटे और प्रति किसान 2500 रुपये जुर्माना भी लगाया।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की टीम को हरसेक के माध्यम से गांव कथूरा, निजामपुर, धनाना व बुटाना के खेतों में पांच जगह फसलों के अवशेष जलाने की सूचना मिली थी। इस पर विभाग की अलग-अलग टीमों ने गांवों में पहुंचकर पहले खेतों में लगी आग को बुझवाया। इसके बाद किसानों के चालान काटकर जुर्माना किया। कृषि अधिकारियों ने किसानों को चेतावनी देते हुए बताया कि प्रदूषण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनके अनुसार अब तक उपमंडल क्षेत्र में 24 किसानों के चालान किए जा चुके हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उपमंडल अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेहरा के साथ डॉ. प्रवीण, सहायक तकनीकी प्रबंधक अंकेश, मुकेश, नरेंद्र, सुपरवाइजर सीमा, मनीषा आदि मौजूद रहे।