गोहाना। गांव रुखी में हथियार लेकर आए युवकों ने एक शराब कारोबारी पर फायरिंग कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने तीन फायर किए, लेकिन गनीमत रही कि गोली नहीं लगी। उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद युवक फरार हो गए। कारोबारी की शिकायत पर बरोदा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव रूखी निवासी संदीप ने गांव धामड़ स्थित शराब के ठेके में हिस्सा कर रखा है। संदीप ने पुलिस को बताया कि वह कार में गांव रूखी निवासी अमित व राजेश और जींद निवासी छत्रपाल के साथ धामड़ से अपने गांव आ रहे थे। सोमवार रात करीब डेढ़ बजे जब वह गांव रूखी पहुंचे। राजेश व अमित ने संदीप को गांव के पशु अस्पताल के निकट रोड पर उतार दिया और अपने घर चले गए। संदीप सड़क किनारे लघुशंका के लिए रुक गए। उसी दौरान कार में सवार सुखदेव, डॉक्टर व तीन अन्य युवक वहां पर पहुंचे। संदीप का आरोप है कि सुखदेव व उनके साथियों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने तीन राउंड फायर किए। संदीप जान बचाने के लिए गांव की तरफ भाग गया। हमलावरों ने उसका पीछा किया लेकिन शोर मचाने पर वह फरार हो गए। संदीप की शिकायत पर बरोदा थाना पुलिस ने सुखदेव, डॉक्टर और तीन अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच में सामने आया कि संदीप की पहले सुखदेव और डॉक्टर के साथ कहासुनी हो चुकी है। जिसके चलते दोनों के रंजिश भी चली आ रही है। इसी के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने का शक है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।