कुंडली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को जेल में बंद कराना चाहती थी, हमने ऐसा नहीं किया। वह किसानों के साथ है और उनकी मांगों का पूरा समर्थन करते हैं।
वह सोमवार को सिंघु बॉर्डर स्थित गुरु तेग बहादुर मेमोरियल पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि वह यहां सीएम होने के नाते नहीं आए हैं, बल्कि किसान के सेवक के तौर पर अपना समर्थन देने के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजना किसानों को दिल्ली में बुलाकर जेल में डालने की थी, लेकिन हमने ऐसा नहीं होने दिया। दिल्ली सरकार को कहा गया था कि 9 स्टेडियमों को जेल बना दिया जाए, पर सरकार ने यह मांग नहीं मानी। किसानों की मांग जायज है, इसीलिए केंद्र सरकार को कृषि कानूनों निरस्त करने में देर नहीं करनी चाहिए। सीएम केजरीवाल ने कहा कि वह यहां ठहरे किसानों के लिए सुविधाओं को जांचने पहुंचे हैं। यहां उन्होंने देखा है कि पानी की कुछ दिक्कत है। इस दिक्कत को शीघ्र ही दूर करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों से दिल्ली सरकार सहमत है और चाहती है कि केंद्र सरकार किसानों की सुनवाई करें। जहां तक भारत बंद का सवाल है तो किसानों के पक्ष में आम आदमी पार्टी भारत बंद के आह्वान का पूरा समर्थन करेगी। पार्टी के सभी कार्यकर्ता इस बंद में शामिल होंगे और केंद्र सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। बंद को सफल बनाने को पूरा प्रयास किया जाएगा।