एकता कॉलोनी के एक युवक को धोखे से टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेज दिया गया। युवक को वहां पर काम नहीं मिला, जिससे परेशान होकर उसने दुबई में 15 मई को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मंगलवार देर शाम को युवक का शव गोहाना पहुंचा। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक युवक के शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया है। सूचना मिलने पर शहर थाना गोहाना से पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
एकत कॉलोनी के कुलदीप (33) की जनवरी, 2021 में छतैहरा गांव के एक व्यक्ति से मुलाकात हुई थी। वह रिश्ते में उसका साला लगता है। उस व्यक्ति ने कुलदीप को वर्क वीजा पर दुबई भेज कर वहां काम दिलाने का झांसा दिया था। कुलदीप और उसके तीन साथियों को जनवरी में दुबई भेज दिया गया। कुलदीप के परिजनों का कहना है कि बात वर्क वीजा की हुई थी, लेकिन चारों व्यक्तियों को दिल्ली पहुंचने के बाद टूरिस्ट वीजा थमा दिया गया। वह दुबई में जिस कंपनी में गए वहां बता दिया गया कि कोई काम नहीं है। 15 दिन बीतने के बाद कुलदीप और उसके साथियों की मुसीबत बढ़ गई। एजेंट से बातचीत करने पर ठीक से जवाब नहीं दिया गया। वीजा खत्म होने पर दुबई में चारों युवकों पर लाखों रुपये जुर्माना लगा दिया गया। परिजनों के अनुसार 15 मई को कुलदीप ने दुबई में कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार देर शाम को कुलदीप के शव को उसका एक साथी गोहाना लेकर आया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।