{"_id":"6297a03ea6bed77d9f3b9407","slug":"sonipat-police-will-send-suicide-note-of-young-farmer-to-madhuban-for-investigation","type":"story","status":"publish","title_hn":"कोर्ट परिसर में जहर खाने का मामला: युवा किसान के सुसाइड नोट को जांच के लिए मधुबन भेजेगी सोनीपत पुलिस ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
कोर्ट परिसर में जहर खाने का मामला: युवा किसान के सुसाइड नोट को जांच के लिए मधुबन भेजेगी सोनीपत पुलिस
Wed, 01 Jun 2022 10:52 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Wed, 01 Jun 2022 10:52 PM IST
सार
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर पता लगाएगी कि कोर्ट परिसर में कहां जहर खाया। युवक के मोबाइल की डिटेल और रिकॉर्डिंग भी पुलिस निकलवाएगी। किसान के भाई ने कहा कि10 मई को एसपी कार्यालय में शिकायत दी थी लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
विज्ञापन
सुनील का फाइल फोटो। युवक के पास मिला सुसाइड नोट (पेज-1)। युवक के पास मिला सुसाइड नोट (पेज-2)।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी (फाइल फोटो)
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में जमीन के विवाद में कोर्ट परिसर के अंदर जहर खाकर एक युवा किसान के जान देने के मामले में पुलिस ने जांच को तेज कर दिया है। पुलिस गांव शहजादपुर के युवा किसान के पास से मिले सुसाइड नोट को जांच के लिए करनाल के मधुबन स्थित लैब भेजेगी। साथ ही उसके मोबाइल की रिकॉर्डिंग व अन्य डिटेल भी निकलाई जाएगी।
विज्ञापन
साथ ही कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी की फुटेज लेकर जांच की जाएगी कि उसने कहां पर जहर खाया था। उधर, युवक के परिजनों का कहना है कि मामले को लेकर 10 मई को एसपी कार्यालय में शिकायत देने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हो सकी थी।
विज्ञापन
गांव शहजादपुर के सुनील (24) ने ऋषि नगर के रहने वाले इंद्रपाल पर उनकी जमीन के रिकॉर्ड में छेड़खानी कराकर जमीन पर ऋण लेने का आरोप लगाया था। उसने बताया था कि वह अपनी साढ़े तीन एकड़ पुश्तैनी जमीन पर मालिकाना हक पाने के लिए लगातार लड़ाई लड़ रहा है, लेकिन उसे हक नहीं मिल सका। जिससे वह हताश हो गया है। उसने पटवारी रजिस्टरों में छेड़खानी का आरोप लगाया था।
विज्ञापन
उसका आरोप था कि उसे धमकाया जाता था। वह सीएम विंडो से लेकर परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में शिकायत कर चुका है। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने पर सुनील ने सोमवार को कोर्ट परिसर में जहर निगल लिया था। उसे पहले सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से उसे खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर कर दिया था।
वहां पर उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने पहले सुनील के खिलाफ आत्महत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया था और मौत के बाद आठ लोगों के खिलाफ आत्महत्या को विवश करने का मुकदमा दर्ज किया। इसमें ऋषि नगर के इंद्रपाल, उसके बेटे विनोद, उनके रिश्तेदार विजय, प्रवीन और गांव शहजादपुर के वेदप्रकाश, हरिओम, अनिल व संजय को नामजद किया था। पुलिस को उसके पास से दो पेज का सुसाइड नोट मिला था। जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम ने मामले में जांच शुरू कर दी है। अब सुसाइड नोट को पुलिस करनाल के मधुबन स्थित लैब में भेजकर उसकी जांच कराएगी। जिसमें पता लगाया जाएगा कि सुसाइड नोट किसने लिखा है। लैब से सुसाइड नोट की रिपोर्ट ली जाएगी।
वहीं पुलिस टीम मामले में एक युवक के मोबाइल की रिकॉर्डिंग व अन्य डिटेल भी निकलवाएगी। उसकी लोकेशन के बारे में भी पता लगाया जाएगा। युवक ने जहर खाने के बाद वीडियो बनाकर वायरल किया गया था। उसके बारे में पूरी जानकारी जुटाई जाएगी।
फुटेज से पता लगाया जाएगा, कहां खाया जहर
पुलिस टीम कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी की फुटेज भी एकत्रित करेगी। जिससे पता लगाया जाएगा की उसने जहर कहां पर खाया था। साथ ही पता लगाया जाएगा कि युवक का केस किस कोर्ट में था। मामले से जुड़े सभी तथ्य बारीकी से जुटाए जाएंगे।
जमीन के विवाद के चलते युवक ने जहर निगल कर जान दी थी। मामले में आठ लोग नामजद हैं। पुलिस मामले में हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। मामले में सुसाइड नोट की जांच कराने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाली जाएगी। सभी सुबूत जुटाकर कार्रवाई की जाएगी। - संदीप कुमार, चौकी प्रभारी, कोर्ट कॉम्पलेक्स सोनीपत