Sonipat: टेरर फंडिंग के आरोपी राजेश बसौदी की संपत्ति एनआईए ने की अटैच, घर के बाहर बोर्ड व नोटिस चस्पा किया
गांव बसौदी में राजेश उर्फ राजू मोटा के घर के बाहर बोर्ड व नोटिस चस्पा किया गया है। अटैच की संपत्ति की बिक्री और न ही व्यवसायिक प्रयोग हो सकेगा। शराब कारोबारी राजेश उर्फ मोटा पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग को टेरर फंडिंग करने का आरोप है।
विस्तार
मंगलवार सुबह एनआईए की टीम सोनीपत पहुंची। जहां से सीआईए-2 प्रभारी अजय धनखड़ व बहालगढ़ थाना प्रभारी ऋषिकांत की टीम गांव में पहुंची। टीम ने वहां पहुंचकर टेरर फंडिंग के आरोपी और शराब कारोबारी राजेश उर्फ राजू मोटा बसौदी के घर के बाहर बोर्ड लगा दिया।
बोर्ड पर लिखा है कि कुर्की की सूचना, सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि यह भूमि पांच मरला पांच सराय अर्थात 167 वर्ग 11/148 भाग मुवाजी 3 कनाल 14 मरला यार्ड मुंडेरजा मुस्तकिल एवं किल्ला नंबर जिला बसौदी गांव में उक्त भूमि पर 69//13/2 रकबा व मकान का निर्माण किया गया है, सोनीपत, हरियाणा।
एनआईए मामले में संख्या यूए (पी) अधिनियम के प्रावधान के तहत जुड़ा हुआ है। सीआईओ दिनांक 7 मार्च, 2023 के आदेश द्वारा आरसी 39/2022/एनआईए/डीएलआई। राजेश बसौदी के घर पर एनआईए ने 18 अक्तूबर, 2022 को छापा मारा था। एनआईए ने 26 अगस्त, 2022 को मुकदमा नंबर 39/2022 दर्ज कर रखा है। उसे एनआईए ने हिरासत में लेने के बाद पूछताछ कर गिरफ्तार कर लिया था। तब वह जेल में बंद हैं।
परिजनों को दी मामले की जानकारी
एनआईए टीम ने राजेश उर्फ मोटा के परिजनों को बोर्ड व नोटिस नहीं हटाने के निर्देश के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्हें निर्देश दिया कि नोटिस व बोर्ड को नहीं हटाया जाना है। उन्हें बताया कि इस संपत्ति को बेचा या इसका व्यावसायिक प्रयोग नहीं किया जा सकता है।
अनिल छिप्पी का रिश्तेदार है राजू
शराब कारोबारी राजेश उर्फ राजू बसौदी रोहतक के कुख्यात गैंगस्टर अनिल छिप्पी का रिश्तेदार है। राजू की गिरफ्तारी के बाद से एनआईए उसके विदेशी हथियार और आतंकवादी गतिविधियों को लेकर फंडिंग के आरोप हैं। राजेश उर्फ राजू मोटा बसौदी पर गैंग को फंडिंग करने के आरोपों की जांच की जा रही है।
राजेश उर्फ राजू मोटा बसौदा एनआईए द्वारा दर्ज चार मामलों में नामजद रहा है
- 16 दिसंबर, 2012 में मारपीट व अन्य धारा में कुंडली थाना में मुकदमा दर्ज हुआ।
- 30 सितंबर, 2013 में राई थाना में अवैध शस्त्र अधिनियम का मुकदमा दर्ज हुआ।
- 27 फरवरी, 2013 को गुरुग्राम के सोहना में भादंसं की धारा 186, 303, 307 का मुकदमा दर्ज हुआ।
- 11 फरवरी, 2020 को लूटपाट का षड्यंत्र रचने का मुकदमा राई थाना में दर्ज हुआ।
एनआईए की टीम इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में गांव बसौदी में आई थी। एनआईए व सोनीपत पुलिस टीम ने राजेश उर्फ राजू मोटा बसौदी की प्रॉपर्टी को अटैच कर दिया है। इसको न तो यह बेच सकते है और न ही व्यावसायिक प्रयोग किया जा सकता है। - अजय धनखड़, प्रभारी, सीआईए-2