एमपी क्राइम: इंदौर के ट्रांसपोर्ट नगर में युवक का रक्तरंजित शव मिला, हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
इंदौर के ट्रांसपोर्ट नगर में चौकीदार स्वर्णदीप उर्फ गोल्डी का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए संदिग्ध सिक्योरिटी गार्ड बंटी को हिरासत में लिया है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से जांच जारी है।
विस्तार
इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में गुरुवार सुबह एक युवक का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव ट्रांसपोर्ट नगर के गेट नंबर-2 के पास पाटिल टी स्टॉल के नजदीक सड़क किनारे पड़ा मिला। चाय स्टॉल संचालक ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भंवरकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक की पहचान स्वर्णदीप उर्फ गोल्डी के रूप में की है। बताया जा रहा है कि गोल्डी ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में चौकीदारी का काम करता था।
पढ़ें: जमीन में छिपी थी कच्ची शराब की ‘मिनी फैक्टरी’; 35 क्विंटल महुआ लाहन जब्त
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। मामले में बंटी नामक सिक्योरिटी गार्ड की भूमिका संदिग्ध सामने आने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि शुरुआती पूछताछ में अभी तक हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस हत्या के कारण और वारदात से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने में लगी है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सिक्योरिटी गार्ड को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
