{"_id":"514c6c42a60f3566f3b9b3dd4d59646d","slug":"murder-of-international-wrestler-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"दो धड़ों में बंटा पांची जाटान","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
दो धड़ों में बंटा पांची जाटान
ब्यूरो/अमर उजाला गन्नौर
Updated Mon, 05 Oct 2015 12:38 AM IST
विज्ञापन
उपमंडल के गांव पांची जाटान गांव में हुई अंतरराष्ट्रीय पहलवान की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार देर रात हुई वारदात के बाद गांव दो धड़ों में बंट गया है। एक धड़ा मृतक के परिजनों के पक्ष में तथा दूसरा आरोपियों के पक्ष में है।
विज्ञापन
हत्या के आरोपी निवर्तमान सरपंच तथा उसके बेटों के पक्ष में रविवार को ही गांव पांची से ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे थे। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर आरोपियों को बेकसूर बताया है। एसपी ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
दूसरी ओर, पुलिस ने इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया है। डीएसपी गन्नौर ने बताया कि आरोपियों की तलाश में संदिग्ध जगहों पर दबिश दी जा रही है। परिजनों ने भी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
विज्ञापन
बता दें कि पांची जाटान में शुक्रवार रात हमलावरों ने सीआरपीएफ के पूर्व डीएसपी सज्जनपाल को गोलियों से छलनी कर दिया था। मृतक के परिजनों ने गांव के निवर्तमान सरपंच सुरेंद्र खत्री व उसके दो पुत्र दीपक व प्रवीन सहित, सुशील उर्फ शीला, सुशील उर्फ उल्लू, नरेश उर्फ बांदरी सहित अन्य के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवा दिया था।
सज्जनपाल के परिजनों का आरोप, चुनावी रंजिश थी
पंचायती चुनाव से पहले हुई वार्डबंदी में गांव महिलाओं के लिए आरक्षित हो गया था। इसमें सज्जनपाल ने अपनी माता को गांव की सरपंच के उम्मीदवार के तौर पर पेश करना शुरू किया था। परिजनों का आरोप है कि गांव के निवर्तमान सरपंच सुरेंद्र खत्री के साथ सज्जनपाल की रंजिश चली आ रही थी। शुक्रवार रात सज्जनपाल, संदीप, राकेश, बिजेंद्र, रामकुंवार, रामेश्वर और बलबीर रात को वोट मांग कर वापस आ रहे थे तो रंजिश के चलते उन पर हमला कर दिया गया।
पत्नी संग पहुंचे ग्रामीण, बोले बेकसूर है सुरेंद्र
आरोपी सुरेंद्र खत्री की पत्नी सरोज के साथ गांव पांची के ग्रामीण रविवार को ही पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि दो अक्टूबर की रात पुलिस ने सुरेंद्र खत्री के लड़के प्रवीण को हिरासत में लिया था, इसके बाद ही इन्हें सज्जनपाल की हत्या का पता लगा था।
ग्रामीणों ने बताया कि सज्जनपाल के कई अन्य विरोधी भी थे, जिन्होंने वारदात को अंजाम देकर चालाकी से सुरेंद्र और उसके परिवार को फंसवा दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सुरेंद्र और उसके परिवार पर सज्जनपाल और उसके साथियों ने दो हमले भी करवाए थे। ग्रामीणों ने मांग उठाई की मामले की जांच किसी उच्चाधिकारी से करवाई जाए।
लगातार दबिश दे रही है पुलिस: डीएसपी
डीएसपी सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए पांच टीमें गठित की हैं। टीमों में एसआईटी और सीआईए को भी शामिल किया गया है। अभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। सभी टीम आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पहलवानी के दम पर हुए सीआरपीएफ में बतौर इंस्पैक्टर नियुक्त
मृतक सज्जनपाल कुश्ती का बेहतरीन खिलाड़ी था। कुश्ती में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए सज्जनपाल को भारत कुमार के खिताब से भी नवाजा गया था। वर्ष 1998 में इंग्लैंड के मैनचेस्टर में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में सज्जनपाल ने हिस्सा लिया था। इसके बाद भी उसने विभिन्न पदक हासिल किए।
सज्जनपाल ने ईरान में आयोजित तख्ती कप में रजत पदक भी हासिल किया था। वर्ष 2009 में सज्जनपाल सीआरपीएफ में बतौर इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्त हुआ। इसके बाद 2005 में उसे बतौर डीएसपी पदोन्नति के बाद ट्रेनिंग ली, लेकिन बाद में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली।