{"_id":"6240ad421647c03bc0758896","slug":"daughter-in-law-arrested-for-beating-mother-in-law-in-sonipat","type":"story","status":"publish","title_hn":"सोनीपत: सास की पिटाई करने की आरोपी बहू, उसका भाई और मां गिरफ्तार, एक रोटी अधिक खाने पर पीटने का आरोप","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
सोनीपत: सास की पिटाई करने की आरोपी बहू, उसका भाई और मां गिरफ्तार, एक रोटी अधिक खाने पर पीटने का आरोप
Mon, 28 Mar 2022 12:00 AM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Mon, 28 Mar 2022 12:00 AM IST
सार
75 वर्षीय बुजुर्ग ने बहू और उसके मायके वालों पर उसकी व बेटे की पिटाई का आरोप लगाया था।
विज्ञापन
रोते हुए आपबीती बताती बुजुर्ग ईश्वंती। पुलिस की गिरफ्त में आरोपी महिला, उसका भाई व मां।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत के गांव सांदल खुर्द में 75 वर्षीय सास की पिटाई करने के मामले में थाना बड़ी पुलिस ने आरोपी पुत्रवधू और उसके भाई व मां को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में बुजुर्ग के बयान पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।गांव सांदल खुर्द निवासी ईश्वंती (75) ने पुलिस को बताया था कि उसकी पुत्रवधू मनीषा ने उसकी और बेटे मुकेश की मायके वालों के साथ मिलकर पिटाई करती रहती है।
विज्ञापन
आरोप है कि मनीषा अलमारी का ताला तोड़कर सामान भी निकाल लेती है। अलग रहने के बावजूद उसकी पुत्रवधू मनीषा उसे जान से मारने पर तुली हुई है और मौका मिलते ही जान से मारने की धमकी देती है। यह भी आरोप लगाया कि मनीषा उसे कई बार नींद की गोली या नशीली दवा खिला चुकी है और अपने मायके वालों के साथ उसे व उसके बेटे मुकेश को मारने की कोशिश करती है।
विज्ञापन
उसके पास इन सब सुबूतों के वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी हैं। शिकायत में ईश्वंती ने यह भी कहा कि यदि उसके व उसके बेटे मुकेश के साथ कोई अनहोनी होती है तो उसके जिम्मेदार बहू मनीषा, गोहाना के गांव मुंडलाना निवासी मनीषा की मां शीला, मनीषा का भाई हरकेस व शीला का पड़ोसी होंगे।
विज्ञापन
शिकायत पर थाना बड़ी पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले में थाना प्रभारी देवेंद्र व राजलू गढ़ी चौकी प्रभारी मनोज जाखड़ की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीषा, उसकी मां व उसके भाई हरकेस को गिरफ्तार कर लिया है।
पिटाई के वीडियो के साथ एसएसपी को दी थी शिकायत
ईश्वंती का आरोप है कि उसे व उसके बेटे मुकेश को मनीषा अपने मायके वालों के साथ मिलकर काफी दिनों से प्रताड़ित कर रही थी। ईश्वंती ने बताया कि उसकी पुत्रवधू मनीषा उसे दोनों समय दो-दो रोटियां खाने को देती है। उसके तीन वर्षीय पोते ने पांच दिन पहले उसे एक और रोटी लाकर दे दी थी, जिस पर उसने रोटी खा ली थी।
एक रोटी अधिक खाने पर मानीषा ने उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। जिसका वीडियो उसके बेटे ने अपने फोन से बना लिया था। मनीषा की प्रताड़ना से तंग आकर ईश्वंती शनिवार को वीडियो लेकर पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश हुई और आपबीती सुनाई। जिसके बाद थाना बड़ी में मुकदमा दर्ज किया गया।
फोन को लेकर हुई थी कहासुनी
राजलू गढ़ी चौकी प्रभारी मनोज जाखड़ ने बताया कि पूछताछ में आरोपी मनीषा ने बताया कि उनके घर में कई दिनों से घरेलू कलह चल रही थी। 24 मार्च को उसकी सास ईश्वंती ने उसका फोन छीन लिया था। जिस वजह से सास के साथ उसकी कहासुनी हो गई थी। कहासुनी के बीच उसकी व उसकी सास के साथ हाथापाई हो गई थी।
बुजुर्ग की शिकायत मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामला दर्ज करने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्रवधू, उसके भाई व मां को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, औद्योगिक क्षेत्र बड़ी।