सोनीपत: घर में मृत मिली हरियाणवी गायिका सरिता चौधरी, अंदर से बंद था घर, मुंह से निकल रहा था खून
सरिता चौधरी के मुंह से खून निकल रहा था व घर अंदर से बंद था। सरिता राजकीय प्राथमिक पाठशाला में इंचार्ज थी। पुलिस हत्या के कारणाें का पता लगाने में जुटी है।
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत शहर के सेक्टर-15 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाली हरियाणवी गायिका सरिता चौधरी का शव उनके घर के अंदर बेडरूम में पड़ा मिला है। उनके मुंह से खून निकला हुआ मिला। वह राजकीय प्राथमिक पाठशाला में इंचार्ज थीं। भाई व बेटी का फोन नहीं उठाने पर परिजन पहुंचे तो घर अंदर से बंद मिला। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो उनका शव बेड पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता लग सकेगा।
हरियाणवी गायिका सरिता चौधरी (56) सेक्टर-15 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहती थीं। वह सोनीपत की रहने वाली थी। उन्होंने ओमबीर से विवाह किया था, जिनका निधन हो चुका है। वह बेटी बुलबुल और बेटे परमवीर के साथ रहती थीं। जेबीटी पास सरिता चौधरी वर्तमान में राजकीय प्राथमिक पाठशाला सेक्टर-12 में इंचार्ज थीं। सरिता स्टेज कार्यक्रम में रागिनी की प्रस्तुति देती थीं। उनकी रागिनी काफी पसंद की जाती हैं। उनके भाई सन्नी ने बताया कि वह अपनी बहन के घर दूध देकर जाते थे। वह रविवार शाम को भी दूध देकर व उनसे बातचीत कर दिल्ली गए थे।
दोनों भाई-बहन की रात को अक्सर बातचीत होती थी। रात को उन्होंने कॉल की तो बहन ने फोन नहीं उठाया। उसके बाद वापस फोन नहीं आया। इस पर सोमवार को उन्होंने फिर से कॉल की। तब भी फोन नहीं उठा तो उन्हें चिंता होने लगी। उन्होंने दिल्ली में रह रही अपनी भांजी बुलबुल को फोन किया तो उसने भी बताया कि मां उसका फोन नहीं उठा रही है, जिस पर उन्होंने पड़ोसियों से पूछा। पड़ोसियों ने बताया कि घर अंदर से बंद है और आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिल रहा है।
सोनीपत के सेक्टर-15 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में गायिका सरिता चौधरी का शव मिलने के बाद विलाप करती बेटी। संवाद
इस पर भाई सन्नी व बेटी बुलबुल दिल्ली से सोनीपत पहुंचे। उन्होंने पुलिस को भी अवगत कराया। पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़ा और अंदर जाकर देखा कि सरिता बेड पर मृत पड़ी थी। उनके मुंह से खून निकला हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
बेटी दिल्ली में रहकर कर रही यूपीएससी की तैयारी, बेटा गया था बाहर
परिजनों ने बताया कि सरिता की बेटी बुलबुल दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही है। वह दिल्ली में ही पीजी में रहती है। बेटा परमवीर उसके पास रहता है। वह कल से बाहर गया था।
रागिनी में कमाई शोहरत, लोगों को काफी पसंद थी उनकी आवाज
हरियाणवी गायकी में सरिता चौधरी काफी प्रतिष्ठित नाम था। उनकी गायकी के लोग दीवाने थे। जब वह स्टेज पर कार्यक्रम देने आती तो तालियों से पंडाल गूंज जाता था। वह सोशल मीडिया पर काफी चर्चित थीं। यू ट्यूब समेत सोशल मीडिया पर उनकी रागिनी आज भी काफी पसंद की जाती है।

सोनीपत के सेक्टर-15 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से शव को लेकर जाते परिजन। संवाद
हरियाणवी गायिका व शिक्षिका सरिता चौधरी का शव घर के अंदर मिला है। घर अंदर से बंद था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। अभी किसी ने कोई संदेह नहीं जताया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद मौत के कारणों का पता लग सकेगा। उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। - प्रवीन कुमार, थाना प्रभारी, सेक्टर-27 सोनीपत