Sonipat: पेट्रोल पंप के सेल्समैन को पिस्तौल दिखाकर 50 हजार रुपये लूटे, तीन बदमाशों ने की वारदात
बाइक पर सवार होकर आए तीन हथियारबंद बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने बाइक में 699 रुपये का पेट्रोल डलवाया और पैसे मांगने पर तीनों ने पिस्तौल निकाल सेल्समैन व अन्य को पकड़ लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में सोहटी-बहादुरगढ़ रोड स्थित पेट्रोल पंप केएसके फिलिंग स्टेशन पर बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने सेल्समैन व अन्य को पिस्तौल दिखाकर करीब 50 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। वारदात से पहले बदमाशों ने बाइक में 699 रुपये का पेट्रोल भी डलवाया।
गांव बरोणा निवासी नवीन ने खरखौदा थाना पुलिस को बताया कि वह सोहटी-बहादुरगढ़ रोड स्थित केएसके फिलिंग स्टेशन पर दो साल से सेल्समैन का काम करता है। वीरवार देर शाम वह पेट्रोल पंप पर मौजूद था। उसके साथ दूसरा सेल्समैन लडरावन का रहने वाला राहुल तथा टैंकर हेल्पर लडरावन का आकाश और गढ़ी कुंडल का प्रवीन भी मौजूद थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे।
उन्होंने बाइक में 699 रुपये का पेट्रोल डलवाया। पेट्रोल लेने के बाद पैसे देने के बजाय वह इधर-उधर घूमने लगे। जब उसने युवकों को पैसे देने के लिए कहा तो उनमें से एक युवक ने जेब से पिस्तौल निकालकर उसे काबू कर लिया। उसके बाद आरोपी ने उसकी जेब से करीब 30 हजार रुपये निकाल लिए।
बदमाश के दो अन्य साथियों ने राहुल, आकाश व प्रवीन पर भी पिस्तौल तान दी। उसके बाद उन्होंने राहुल से करीब आठ हजार रुपये व मोबाइल छीन लिया। उनमें से एक बदमाश ने जबरन नवीन को मैनेजर के कमरे में ले गया और वहां से अलमारी में रखे करीब 12 हजार रुपये लूट लिए। उसके बाद बदमाश हसनगढ़ की तरफ भाग गए। नवीन ने मामले की सूचना पेट्रोल पंप मालिक व पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच के बाद लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
बिना नंबर प्लेट की अपाचे पर आए बदमाश, चेहरे पर लगा रखा था मास्क
नवीन ने पुलिस को बताया कि तीनों बदमाश बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक पर आए थे। इतना ही नहीं उन्होंने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर मास्क लगा रखा था। तीनों युवकों की उम्र 25 से 26 वर्ष के आसपास बताई गई है।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे आरोपी
पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी की फुटेज में आरोपी दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में ले लिया है। पुलिस बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
लगातार वारदात को अंजाम दे रहे बदमाश
बिना नंबर की अपाचे बाइक सवार तीन बदमाश लगातार वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस के अनुसार सोहटी के पास पेट्रोल पंप पर वारदात को अंजाम देने के कुछ समय बाद ही वह रोहतक के हसनगढ़ स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे और वहां के सेल्समैन को काबू कर 24 हजार रुपये व दो मोबाइल फोन लूट लिए। वह मोबाइल वहीं तोड़कर फेंक गए। जांच में सामने आया है कि वह पांच दिन में बहादुरगढ़ क्षेत्र में लूट की कई वारदात को अंजाम दे चुके हैं।
पेट्रोल पंप के सेल्समैन ने लूट की शिकायत दी है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदमाशों का पता लगाने के लिए सोहटी-बहादुरगढ़ क्षेत्र के साथ ही हसनगढ़ क्षेत्र के सीसीटीवी भी खंगाले गए हैं। पुलिस जल्द बदमाशों का पता लगाकर गिरफ्तार करेगी। -इंस्पेक्टर जसपाल सिंह, थाना प्रभारी, खरखौदा।