फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Sonipat News ›   बालग्राम से गायब होकर नहीं मिलती लड़कियां, दुष्कर्म पीड़िता समेत चार पहले भी हुई लापता

बालग्राम से गायब होकर नहीं मिलती लड़कियां, दुष्कर्म पीड़िता समेत चार पहले भी हुई लापता

Tue, 16 Jan 2018 01:37 AM IST
Updated Tue, 16 Jan 2018 01:37 AM IST
विज्ञापन
बालग्राम से गायब होकर नहीं मिलती लड़कियां, दुष्कर्म पीड़िता समेत चार पहले भी हुई लापता
बालग्राम से गायब होकर नहीं मिलती लड़कियां, दुष्कर्म पीड़िता समेत चार पहले भी हुई लापता
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। बालग्राम राई...निराश्रित व जरूरतमंद बच्चों का घर। यहां से चार दिन पहले लापता हुई तीन लड़कियों का कोई सुराग नहीं लग सका है। दो लड़कियां जहां रात को बालग्राम की दीवार फांदकर भाग गई थी, वहीं एक अन्य भागने में असफल रहने के साथ ही चोटिल हो गई थी। उसे जब उपचार के लिए सामान्य अस्पताल ले जाया गया था तो वहां से चकमा देकर भाग निकली थी। इनमें दो बालिग व तीसरी साढ़े 17 साल की है। लेकिन यह पूरा मामला केवल यहां नहीं रुकता है, बल्कि बालग्राम राई को लेकर एक नया खुलासा हुआ है। बालग्राम से लड़कियों के गायब होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जुलाई 2015 में एक माह के दौरान ही चार लड़कियां अलग-अलग समय पर गायब हुई थी। उनकी प्राथमिकी भी दर्ज की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। यह सभी लड़कियां बाल ग्राम में बाहर से लाई गई थी, जिनमें दुष्कर्म पीड़िता भी शामिल थी। लड़कियों को तलाशने के प्रयास भी हुए, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया था। लड़कियां कहां चली जाती है, इसका जवाब किसी जिम्मेदार के पास नहीं है।
दो लड़कियां हुई थी एक साथ लापता
बालग्राम राई से जुलाई 2015 में एक पखवाड़े से कुछ समय अधिक में ही चार लड़कियां लापता हो गई थी। जिसमें दो दुष्कर्म पीड़ित थी और उन्हें बालग्राम में छोड़ा गया था। उस समय बालग्राम राई से 17 व 18 वर्ष की दो लड़कियां एक साथ अचानक लापता हो गई थी। दोनों लड़कियां रात को लापता हुई थी। इसमें एक दुष्कर्म पीड़ित थी। सोनीपत निवासी दुष्कर्म पीड़ित लड़की को घटना से कुछ समय पहले रेलवे स्टेशन से बरामद किया गया था। वहां से उसे बालग्राम भेज दिया गया था। मेडिकल में उसके दो माह की गर्भवती होने का पता लगा था। पूछताछ में लड़की ने अपने पिता व एक अन्य पर ही दुष्कर्म का आरोप लगा दिया था। बालग्राम से उसी दिन एक अन्य 17 वर्षीय लड़की भी गायब हो गई थी। लड़की लखनऊ की रहने वाली थी। उसके पिता ने गृहस्थ जीवन छोड़कर सन्यास ले लिया था। जिसके चलते लड़की को यहां छोड़ा गया था।
विज्ञापन

12 जुलाई 2015 को लापता हुई थी लड़की
12 जुलाई, 2015 को एक 17 वर्षीय लड़की गायब हुई थी। उसे भी घटना से कुछ दिन पहले रेलवे पुलिस ने स्टेशन परिसर से बरामद किया था। लड़की ने दुष्कर्म किए जाने की बात कही थी। पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया था तथा उसको बालग्राम में भिजवा दिया गया था। उत्तरप्रदेश के जिला उन्नाव की रहने वाली लड़की के परिजनों से संपर्क किया तो उसके बहनोई ने बालग्राम राई में आने की बात कही थी, जिससे पहले ही वह भाग गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

किशोरी संदिग्ध अवस्था में हुई थी लापता
20 जुलाई 2015 को एक किशोरी संदिग्ध अवस्था में लापता हो गई थी। उसे भी भागने से कुछ दिन पहले ही बस स्टैंड खरखौदा से मिशन मुस्कान कार्यक्रम के तहत बरामद किया गया था। बुढ़ाना यूपी के एक गांव का रहने वाला उसका पिता अचानक उससे बिछड़ गया था। वह गलती से खरखौदा पहुंच गई थी।
क्या है बालग्राम
बीसवां मील में प्रदेश सरकार ने बालग्राम की शुरुआत की थी। इसमें निराश्रित व जरूरतमंद बच्चों को रखा जाता है। वर्ष 2015 से दुष्कर्म पीड़ितों को भी यहां छोड़ा जाना जाने लगा है। बालग्राम राई में वर्तमान में करीब 113 बच्चे हैं। बालग्राम में लड़कियां व लड़के रहते हैं। लड़के महज 12 वर्ष तक की उम्र के ही रखे जाते हैं। उसके बाद उन्हें दूसरे स्थान पर भेज दिया जाता है। बालग्राम से बच्चों को गोद देने के साथ ही बालिग लड़कियों की शादी कर दी जाती है।
सुरक्षा के साथ घरेलू माहौल देने को किए जाते है सभी प्रबंध
बालग्राम राई की कॉर्डिनेटर अनीता सिंह कहती है कि बालग्राम राई में रह रहे बच्चों को सुरक्षा के साथ ही घरेलू माहौल देने के सभी प्रबंध किए जाते हैं। यहां से भागने वाली लड़कियां बाहर से लाई थी। उनकी मन:स्थिति को समझने में कुछ समय लगता है। साथ ही यहां घर की तरह अनुशासन रखा जाता है। ऐसे में कुछ लड़कियां यहां से गई है। उनके मिलने के बाद ही उनके जाने के सही कारणों का पता लग सकेगा।

पुलिस तलाशने को करती है हरसंभव प्रयास
बालग्राम से लापता हुई लड़कियों की तलाश को लेकर हर संभव प्रयास किया जाता है। टीम बनाकर तलाश करने के साथ ही समाचार पत्रों व टीवी पर भी उनकी जानकारी दिलवाई जाती है। साथ ही पंपलेट भी छपवा कर सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जाते हैं। लापता हुई लड़कियों के बारे में सुराग लगाने के लिए आपराधिक मानसिकता के युवकों से पूछताछ की जाती है। बालग्राम की लड़कियों की तलाश के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
-ऋषिकांत, थाना प्रभारी राई।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed