एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप: रवि दहिया, बजरंग पूनिया समेत 20 पहलवान दिखाएंगे दमखम, 16 हरियाणवी
मंगोलिया के उलानबटोर में 19 से 24 अप्रैल तक प्रतियोगिता होगी। दिल्ली में हुए ट्रायल में भारतीय दल में 20 पहलवानों में से 16 हरियाणवी हैं। फ्री-स्टाइल व ग्रीको रोमन वर्ग की टीम का चयन हुआ है। महिला वर्ग के लिए लखनऊ में पहलवान आज ट्रायल देंगी।
विस्तार
मंगोलिया के उलानबटोर में होने वाली सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप के लिए हुए ट्रायल में हरियाणा के पहलवान छाए रहे। चैंपियनशिप के लिए चयनित 20 में से 16 पहलवान हरियाणा के हैं। दिल्ली में हुए ट्रायल में रवि दहिया, बजरंग पूनिया, दीपक पूनिया, प्रेम सरोहा, सत्यव्रत कादियान व अनिरुद्ध भी अपना चयन कराने में सफल रहे हैं।
कुश्ती की दुनिया में प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी अलग पहचान बनाई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हरियाणा के पहलवान अपना दमखम दिखाते रहे हैं। देश ही नहीं विदेशों में भी हरियाणा के पहलवानों का डंका बजता रहा है। प्रदेश के युवा पहलवान अंतरराष्ट्रीय फलक पर नाम चमका रहे हैं। वीरवार को प्रदेश के 16 पहलवानों का चयन सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप के लिए हुआ है।
भारतीय कुश्ती संघ के सहायक सचिव विनोद तोमर ने बताया कि 19 से 24 अप्रैल को मंगोलिया के उलानबटोर में होने जा रही सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप के लिए पुरुषों के ट्रायल नई दिल्ली के केडी जाधव इंडोर स्टेडियम में हुए। इसमें पहलवानों ने अपने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए भारतीय दल में जगह बनाई। प्रतियोगिता के लिए महिला पहलवानों का चयन शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित होने वाले ट्रायल में किया जाएगा।
फ्री-स्टाइल वर्ग में प्रदेश के यह पहलवान हुए चयनित
पहलवान भारवर्ग (किलो) जिला
- रवि दहिया 57 नाहरी, सोनीपत
- मंगल कादियान 61 झज्जर
- बजरंग पूनिया 65 सोनीपत
- नवीन 70 पुगथला, सोनीपत
- यश 74 नांगल कलां, सोनीपत
- दीपक पूनिया 86 झज्जर
- विक्की 92 झज्जर
- सत्यव्रत कादियान 97 रोहतक
- अनिरुद्ध कुमार 125 पुरखास, सोनीपत
नोट : इस वर्ग में 79 किलो में यूपी के गौरव बालियान का चयन हुआ है।
ग्रीको रोमन वर्ग में प्रदेश के यह पहलवान हुए चयनित
- ज्ञानेंद्र 60 फतेहपुर, सोनीपत
- सचिन सहरावत 67 झज्जर
- विकास 72 झज्जर
- सज्जन 77 कासंडी, सोनीपत
- सुनील कुमार 87 डबरपुर, सोनीपत
- रवि 97 झज्जर
- प्रेम सरोहा 125 जगदीशपुर, सोनीपत
नोट : इस भारवर्ग में 55 किलो में कर्नाटक के अर्जुन हलाकुर्की, 63 किलो में दिल्ली के नीरज व 82 किलो में पंजाब के हरप्रीत सिंह का चयन हुआ है।