गोहाना। उपमंडल परिसर के सरल केंद्र में बुधवार को आयोजित हुए कार्यक्रम के दौरान 393 नंबरदारों को स्मार्ट फोन वितरित किए गए। गोहाना के एसडीएम आशीष वशिष्ठ व खरखौदा की एसडीएम शिखा ने गोहाना तहसील के 303 व खानपुर कलां उप तहसील के 90 नंबरदारों को मोबाइल फोन उपलब्ध करवाए।
एसडीएम आशीष वशिष्ठ ने कहा कि नंबरदार सरकारी कार्य को निपटाने एवं सरकारी सेवाओं को उपलब्ध करवाने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में वर्तमान युग में नंबरदारों को भी डिजिटल तकनीक से जोड़ना जरूरी है। इसी सोच के साथ सरकार प्रदेश के नंबरदारों को फोन उपलब्ध करवाकर तकनीकी तौर पर सक्षम बनाने की कोशिश कर रही है। नंबरदारों को डिजिटल प्रणाली से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नंबरदार को मोबाइल फोन देने की घोषणा की थी। राजस्व संबंधित कार्य में और अधिक पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से नंबरदारों को 8800 रुपये की कीमत के मोबाइल फोन मुफ्त दिए गए हैं। इस दौरान जो भी नंबरदार इस कीमत से ज्यादा का फोन लेना चाहते थे वे निर्धारित कीमत से ऊपर के रुपये अपनी जेब से देकर महंगा मोबाइल भी ले सकते हैं। उनकी सुविधा के लिए विभिन्न मोबाइल कंपनियों की मौके पर स्टाल भी लगाई गई थी। इस इस दौरान तहसीलदार अजय कुमार, नायब तहसीलदार प्रमोद कुमार, अशोक कुमार, कानूनगो धर्मबीर, अजय, राजेंद्र कुमार व सभी पटवारी मौजूद रहे।