सोनीपत: खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए खोली जाएंगी 31 खेल नर्सरियां, अगले सप्ताह शुरू होंगे ट्रायल
नर्सरियों में 8 से 19 साल तक के खिलाड़ियों का चयन होगा। इससे खिलाड़ी बेहतर सुविधाओं में तैयारी कर सकेंगे। जिले में छह राजीव गांधी खेल परिसरों में पहली बार नर्सरी खुलेगी। ट्रायल अगले सप्ताह शुरू होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में ग्रामीण आंचल में खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए खेल विभाग ने जिले में 31 खेल नर्सरी खोलने की अनुमति दी है। इसमें छह राजीव गांधी खेल परिसरों में पहली बार नर्सरी खोली जा रही है। नर्सरियों में गुरुओं से ज्ञान लेकर खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश-प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगे। नर्सरियों में चयन के लिए अगले सप्ताह ट्रायल प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इनमें 8 से 19 साल तक के खिलाड़ियों विद्यार्थियों को जगह मिल सकेगी। 31 जनवरी तक चलने वाली खेल नर्सरियों में खिलाड़ी अपने खेल से संबंधित बेहतर तैयारी कर सकेंगे। खिलाड़ियों को अभ्यास के साथ-साथ छात्रवृत्ति भी मिलेगी।
सरकार ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों का प्रशिक्षण देने के लिए दोबारा खेल नर्सरी खोलने का निर्णय लिया है। खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से जिले में 31 स्थानों पर खेल नर्सरियां शुरू की जाएंगी। प्रत्येक नर्सरी में 25 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
खेल नर्सरी के 8 से 14 साल के खिलाड़ियों को 1500 रुपये, 15 से 19 साल के खिलाड़ियों को दो हजार रुपये डाइट के लिए दी जाएगी। इसके लिए अगले सप्ताह से खिलाड़ियों के ट्रायल लिए जाएंगे। ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को खेल नर्सरी में दाखिला दिया जाएगा। खेल नर्सरी में खिलाड़ियों को नियमित रूप से अभ्यास करना होगा। कोच खिलाड़ियों की हाजिरी भी लेंगे। गैर हाजिर रहने वाले खिलाड़ियों को नर्सरी की सुविधाओं का फायदा नहीं मिल पाएगा।
ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी के गांव में खुलेगी नर्सरी
टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी सुमित कुमार के गांव कुराड़ इब्राहिमपुर में हॉकी नर्सरी खोली जाएगी। सुमित कुमार के गांव कुराड़ इब्राहिमपुर में पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खेल नर्सरी खोलने की घोषणा की थी। अब खेल विभाग की ओर से हॉकी नर्सरी खोलने की मंजूरी दी है।
लड़कों के लिए खेल नर्सरी
संस्था खेल
- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुमड़ कबड्डी
- टीडीआई इंटरनेशल स्कूल सेक्टर-59 टेनिस
- एसवीएम स्कूल खेड़ी गुज्जर कबड्डी
- साउथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल सोनीपत एथलेटिक्स
- सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल बुटाना मुक्केबाजी
- द आर्यन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनवासा कबड्डी
- सत्यम मॉडर्न पब्लिक स्कूल न्यू ब्रह्म कॉलोनी ताइक्वांडो
- प्रताप सिंह मेमोरियल एजूकेशन सो. खरखौदा तीरंदाजी
- गहलावत कबड्डी क्लब फरमाणा कबड्डी
- जय बालाजी स्पोर्ट्स अकादमी खंदराई मुक्केबाजी
- धोला पहलवान स्पोर्ट्स अकादमी सोनीपत कुश्ती
- संत विवेकानंद विद्यापीठ पुरखास कुश्ती
- बलराज अखाड़ा भैंसवाल कुश्ती
- अमर सिंह पहलवान अखाड़ा कुश्ती
- महेंद्र मेमोरियल स्पोर्ट्स क्लब खेवड़ा कुश्ती
- प्रताप स्पोट्र्स क्लब खरखौदा कुश्ती
- कुराड़ इब्राहिमपुर हॉकी
- राजीव गांधी खेल परिसर कथूरा कबड्डी
- राजीव गांधी खेल परिसर पुरखास कुश्ती
- राजीव गांधी खेल परिसर जुआं कुश्ती
- राजीव गांधी खेल परिसर भैंसवाल कलां कुश्ती
- राजीव गांधी खेल परिसर राजलूगढ़ी फुटबाल
लड़कियों के लिए खेल नर्सरी
- बारूराम खेल स्टेडियम रिंढाणा कबड्डी
- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय माहरा वुशू
- राजकीय कन्या वरिष्ठ मा. विद्यालय बुटाना हैंडबाल
- टीकाराम कन्या वरिष्ठ मा. विद्यालय सोनीपत हॉकी
- राजकुमार मेमोरियल स्कूल शामड़ी कबड्डी
- कन्या गुरुकुल महाविद्यालय खरखौदा जूडो
- डिलाइट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जागसी फुटबाल
- राजीव गांधी खेल परिसर खानपुर कलां कबड्डी
मिश्रित खेल नर्सरी
- दयानंद पब्लिक स्कूल सोनीपत कुश्ती
जिले में 31 खेल नर्सरी खोलने की अनुमति मिल गई है। इनमें छह नर्सरी राजीव गांधी खेल परिसरों में खोली जाएगी। अगले सप्ताह से चयन प्रक्रिया शुरू होगी। खेल नर्सरी में चयनित खिलाड़ियों को डाइट के रूप में छात्रवृत्ति भी दी जाएगी। -शर्मिला राठी, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी सोनीपत