डिंग मंडी। गांव भावदीन में ग्रामीणों ने शनिवार को राजकीय स्कूल के गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में शिक्षकों के अभाव में बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है।
पूर्व सरपंच गुरजीत सिंह, मेजर सिंह, गुरदास सिंह पंच, अशोक कुमार, गुरपाल सिंह, मुकेश मेहता, हरदीप सिंह व जगीर सिंह ने बताया कि स्कूल के बच्चे पढ़ाई व खेलों में काफी होशियार हैं, लेकिन शिक्षकों की कमी को लेकर बच्चे चिंतित हैं। इसके अलावा स्कूल में खेल की भी पूरी व्यवस्था नहीं है। उन्होंने बताया कि गांव खेलों तथा पढ़ाई में हमेशा प्रथम रहा है। इस समय राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सात शिक्षकों की कमी है। इसको लेकर कई बार विभाग को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं की गई है। प्रदर्शन के कुछ देर बाद अध्यापकों ने ग्रामीणों को समझा कर ताला खुलवाया। इसके पश्चात ग्रामीण स्कूल की कक्षाओं में जाकर बच्चों से मिले तथा उनसे समस्याओं की जानकारी ली। स्कूल इंचार्ज विनोद कुमारी ने बताया कि इस समय सात सीटों के पद रिक्त हैं। इसको लेकर विभाग को अवगत किया हुआ है। स्कूल की तरफ से किसी भी विद्यार्थी को कोई पढ़ाई का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा तथा नियमित रूप से कक्षाएं लगेंगी।