जिला की सीआईए सिरसा पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान महाराणा प्रताप चौक, हिसार रोड, सिरसा क्षेत्र से कार सवार तीन व्यक्तियों को काबू कर उनके कब्जे से नशे की 11900 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए हैं। सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान अमरजीत सिंह उर्फ अमर निवासी मुबारकपुर जिला अलवर, राजस्थान, सिंधु सिंह उर्फ काका निवासी खारेता जिला अलवर, राजस्थान और श्रवण सिंह उर्फ सोनू निवासी जसटरूदीन जिला भरतपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। सीआईए प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए व्यक्तियों से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर चार लोगों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि सीआईए सिरसा के उप निरीक्षक सुधीर कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम चेकिंग के दौरान महाराणा प्रताप चौक, हिसार रोड, सिरसा क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान फतेहाबाद की तरफ से आ रही कार को शक के आधार पर रोक कर तलाशी लेने पर उनके कब्जे से नशे की 11900 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए। पकड़े गए व्यक्तियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।