हरियाणा: बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला के आवास पर तैनात कर्मचारी के पिता मिले कोरोना संक्रमित
सिरसा में एक सप्ताह बाद कोरोना संक्रमण का मामला सामने आया है। मंगलवार को जिले में आठ मरीज स्वस्थ्य हुए हैं।
विस्तार
हरियाणा के सिरसा जिले में एक सप्ताह के बाद मंगलवार को कोरोना संक्रमण का मामला आया है। बिजली मंत्री के आवास पर तैनात कर्मचारी के पिता की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही आठ संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। अब जिले में दो संक्रमित सक्रिय हैं। इसके बाद भी नागरिक अस्पताल में पहुंचने वाले मरीज और उनके अभिभावक कोरोना हिदायतों का पालन नहीं कर रहे हैं। अस्पताल में 60 फीसदी लोग मास्क तो लगाए नजर आए, लेकिन सभी के मास्क नाक से नीचे थे।
बुधवार को जिले में बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह के आवास पर तैनात कर्मचारी के पिता कोरोना संक्रमित मिले है। हालांकि उनकी कोई भी ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। जिसके कारण स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनके संपर्क में आने वाले अन्य लोगों की पहचान करना भी शुरू कर दिया है और सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को 1171 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें से 911 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट लंबित है। जिले में अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 563099 लोगों के सैंपल लिए थे। इनमें से 29291 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिले में अब दो मरीज ही सक्रिय हैं।
इनमें से एक मरीज को अस्पताल में तो एक मरीज को होम आइसोलेट किया गया है। जिले के अब तक 28780 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। अब तक 509 लोग कोरोना के कारण अपनी जान गवां चुके हैं। जिले की रिकवरी दर 98.25 फीसदी तक पहुंच चुकी है।
नागरिक अस्पताल में नहीं हो रहा नियमों का पालन
नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचने वाले लोग कोरोना हिदायतों का पालन नहीं कर रहे हैं। विभाग ने जगह-जगह पर पोस्टर भी चस्पाएं, इसके बाद लोग मास्क लगाकर तो कार्यालय और अस्पताल में पहुंच रहे हैं, लेकिन 60 फीसदी लोगों के मास्क नाक से नीचे लगे हुए दिखाई देते हैं। ओपीडी में भी डॉक्टर के केबिन के समक्ष मरीजों की भीड़ लगी हुई नजर आती है।
नागरिक अस्पताल में सख्ती करने के निर्देश दिए गए हैं। मास्क के बिना किसी भी मरीज और अभिभावक को अस्पताल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जिन भी लाभार्थियों ने अभी तक कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाई है। लाभार्थी कोरोना वैक्सीन अवश्य लगवाएं, ताकि कोरोना से बचाव किया जा सके। - डॉ. मनीष बांसल, सिविल सर्जन, सिरसा