नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में वामपंथी पार्टियों ने बाजारों में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वामपंथी पार्टी माकपा व अन्य दलों के कार्यकर्ता सुबह टाउन पार्क में एकत्रित हुए। इसके बाद सभी कार्यकर्ता बाजारों में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर व तख्तियां ले रखी थीं, जिस पर नागरिकता संशोधन बिल वापस लेने के नारे लिखे हुए थे। सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता टाउन पार्क से रवाना होकर पोस्ट ऑफिस, सदर बाजार, सुभाष चौक, रोड़ी बाजार, भगत सिंह चौक पर पहुंचे। भगत सिंह चौक पर कार्यकर्ताओं ने जुलूस का समाप किया। इससे पूर्व टाउन पार्क में एकत्रित कार्यकर्ता को संबोधित करते हुए माकपा नेता राजकुमार शेखुपुरिया ने कहा कि नागरिकता संशोधन बिल व एनआरसी की आड़ में केंद्र की भाजपा सरकार देश को बांटने पर तुली हुई है। धर्म के आधार पर लोगों को बांटने का काम किया जा रहा है जिसे किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब से देश में भाजपा की सरकार बनी है, देश तानाशाही की ओर बढ़ रहा है। अपनी आवाज उठाने पर लोगों की आवाज को दबाया जा रहा है, लेकिन सरकार भूल रही है कि ऐसा करके जनता की आवाज को नहीं दबाया जा सकता। इस अवसर पर विक्रम विनायक, रोशन सुचान, विजय ढूकड़ा, सुरेश, सुखदेव सिंह, प्रीतम सिंह, मनदीप सिंह मौजूद थे।