सिरसा। पे ग्रेड की मांग को लेकर पटवारी और कानूनगो ने अनिश्चितकालीन हड़ताल करने का ऐलान कर दिया। तीन दिनों से पटवारी और कानूनगो लघु सचिवालय में धरने पर डटे हुए हैं। पटवारियों की हड़ताल के कारण उनके कार्यालयों पर ताले लटके हुए है और लोगों को जमीन के दस्तावेज संबंधी काम के लिए एक जगह से दूसरी जगह पर चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के नेतृत्व में तीन दिनों से जिले के सभी पटवारी व कानूनगो हड़ताल पर है। बुधवार को भी सरकार के साथ एसोसिएशन की वार्तालाप किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंची। इसी के चलते अब पटवारियों व कानूनगो ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। लघु सचिवालय के समक्ष एसोसिएशन के सदस्यों ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष जताया। एसोसिएशन के प्रेस सचिव रोहताश वर्मा ने बताया कि स्टेट बॉडी की ओर से उन्हें निर्देश मिले हैं कि हड़ताल अनिश्चितकालीन के लिए बढ़ा दी जाए। इस अवसर पर जिला प्रधान लाभ सिंह कानूनगो, हरिश कुमार कानूनगो, उप प्रधान दिग्विजय सिंह पटवारी, महासचिव मुकेश चौधरी, संजय पटवारी, समरसैन कानूनगो व शिवजी व दलवीर सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।