{"_id":"d9a0af7a48c7949e1d4cf33e703b93b5","slug":"i-am-the-prisoner-will-drive-the-government-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"‘कैदी हूं पर सरकार चलाऊंगा’","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
‘कैदी हूं पर सरकार चलाऊंगा’
ब्यूरो/अमर उजाला, सिरसा
Updated Wed, 08 Oct 2014 11:51 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो सुप्रीमो चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि मैंने कैदी के रूप में आपके बीच आकर अपना वादा पूरा किया और अब वादा पूरा करने की जिम्मेदारी जनता की है।
विज्ञापन
उन्होंने दावा किया कि इनेलो बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहा है और वे ही मुख्यमंत्री बनेंगे और जेल से नहीं गांव में बैठकर सरकार चलाएंगे।
साथ ही उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं अगर वे सभी 90 सीटों में घूम जाए तो इनेलो सभी सीटों पर जीत हासिल करेगा।
वे बुधवार रात को नेहरू पार्क में इनेलो प्रत्याशी मक्खनलाल सिंगला के पक्ष में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
ओमप्रकाश चौटाला को 18 माह बाद अपने बीच पाकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा हुआ था। वे नारे लगाने से थम ही नहीं रहे थे। उन्हें चौटाला ने किसी प्रकार शांत किया।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक लोग जाति और धर्म के नाम पर रोटियां सेंकते हैं और वोट हासिल कर सरकार बना लेते हैं, लेकिन इनेलो ऐसा नहीं करता।
उन्होंने हुड्डा पर हमला बोलते हुए कहा कि दस साल के राज में वह किसानों, मजदूरों और कर्मचारियों को कुछ नहीं दे पए, केवल लूटने में लगे रहे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में बिना पैसे नौकरी नहीं मिलती और कोई कहीं से कोई जुगाड़ कर ले तो मेरी तरह सजा मिलती है। यही मेरा कसूर था कि मैंने 3200 घरों का चूल्हा जलाया।
विज्ञापन
हुड्डा की वजह से इनेलो हुआ मजबूत
इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि वे जेल से नहीं डरते क्योंकि वे पैदा ही जेल में हुए थे। उस समय उनके पिता भी जेल में ही थे।
ठीक वैसा हुआ जैसा श्रीकृष्ण के जन्म के समय हुआ था। उन्होंने कहा कि वे पिता के साथ 55 दिन जेल में रहे और इसके बाद भी वे जेल गए। उन्होंने चौथी पीढ़ी भी तैयार कर ली है।
उन्होंने कहा कि उनके जेल जाने के बाद संगठन मजबूत हुआ है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा उन्हें जेल में डालकर संगठन को खत्म करना चाहते थे, लेकिन आज पूरे प्रदेश में फिजा इनेलो के पक्ष में है। इसका श्रेय हुड्डा को दूं या कार्यकर्ताओं को, दुविधा में हूं।
इन सीटों पर किया जीत का दावा
उन्होंने कहा कि वे प्रदेश में घूमने के बाद पूरे इत्मिनान से कह सकते हैं कि प्रदेश में इनेलो की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि सिरसा की पांच, फतेहाबाद की तीन, भिवानी की छह, मेवात की तीन, रेवाड़ी की तीन, पलवल की तीन, सोनीपत की छह और यमुनानगर की चार यानी अधिकतर सीटें पर इनेलो जीत रहा है। लोगों को तसल्ली 19 अक्तूबर को हो जाएगी।
मोदी गुजरात में पैदा नहीं हुआ
उन्होंने कहा कि गुजरात के लोग बहुत मृदुभाषी होते हैं पर मोदी जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं उससे नहीं लगता कि मोदी गुजरात में पैदा हुए होंगे।
उन्होने कहा कि अगर मोदी सभी 90 हलकों में घूम जाए तो इनेलो सभी सीटों पर जीत हासिल करेगा।
जितना मांगोंगे, उतना दूंगा
उन्होंने कहा कि मैं ही मुख्यमंत्री बनूंगा, गांव में बैठकर राज चलाऊंगा। उन्होंने कहा कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम से गांव-गांव में जाऊंगा और विकास के लिए जितना पैसा मांगोंगे दूंगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनते ही पहली कलम से ऐसा कानून बनाऊंगा कि सात पीढ़ियों की कसर पूरी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तो जनता को भिखारी बनाकर रख दिया था।
पर मैं हर सिर को छत, तन को कपड़ा, रोगी को दवा, युवा को शिक्षा और नौकरी दूंगा। उन्होंने कहा कि चुनाव में कोई विवाद खड़ा मत करना रूठों को मनाना।
चौटाला से संबंध नहीं टूट सकते : सुखबीर
पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल और इनेलो को कोई ताकत अलग नहीं कर सकती।
उन्होंने कहा कि बादल परिवार सिर कटा सकता है, लेकिन चौटाला परिवार और इनेलो से संबंध नहीं तोड़ सकता। उन्होंने कहा कि हुड्डा रोहतक का ही सीएम बनकर रहा, सिरसा के लिए कुछ नहीं किया।
हुड्डा ने हरियाणा गांधी परिवार को ही बेच दिया है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार की दुश्मनी बादल और चौटाला परिवार से है।
कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने उन्हें उनके पिता और मां को जेल भिजवाया पर अदालत ने न्याय किया। हरियाणा में हुड्डा ने साजिश करके ओमप्रकाश चौटाला और अजय चौटाला को जेल पहुंचाया।