{"_id":"66ad1248d7fea6b98c0ceb5c","slug":"haryana-farmers-averted-an-accident-by-stopping-the-train-2024-08-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana: किसानों ने ट्रेन रुकवाकर हादसा टाला, बारिश से पटरी के नीचे मिट्टी का कटाव हुआ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana: किसानों ने ट्रेन रुकवाकर हादसा टाला, बारिश से पटरी के नीचे मिट्टी का कटाव हुआ
Fri, 02 Aug 2024 10:37 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, ऐलनाबाद, सिरसा (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, ऐलनाबाद, सिरसा (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Fri, 02 Aug 2024 10:37 PM IST
सार
जयपुर-श्रीगंगानगर ट्रेन 45 मिनट तक रुकी रही। रेलकर्मियों ने किसानों की मदद से पटरी को दुरुस्त कर ट्रेनों का आवागमन सुचारू किया।
विज्ञापन
रेलवे ट्रैक की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारी व किसान।
- फोटो : संवाद
विस्तार
हरियाणा के सिरसा के ऐलनाबाद में जयपुर से श्रीगंगानगर वाया ऐलनाबाद चलने वाली गाड़ी संख्या 04706 वीरवार रात हादसे का शिकार होने से बच गई। तलवाड़ा खुर्द से बेहरवाला के बीच स्थित अंडरपास के ऊपर से गुजर रही पटरी के नीचे से मिट्टी और पत्थर का कटाव होने की जानकारी मिलते ही किसानों ने टॉर्च की रोशनी से ट्रेन को रुकवाया।
विज्ञापन
इसकी जानकारी मिलते ही ऐलनाबाद से रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी और जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और किसानों की मदद से पटरी को दुरुस्त करवाया। इस दौरान ट्रेन करीब 45 मिनट तक रुकी रही।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार जयपुर से श्रीगंगानगर जाने वाली ट्रेन रात साढ़े 9 बजे ऐलनाबाद से रवाना हुई। पांच किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद किसानों ने टार्च व मोबाइल की लाइट दिखाकर ट्रेन को रोक दिया।
विज्ञापन
लोको पायलट ने ट्रेन रोकने का कारण पूछा तो उन्हें बताया कि आगे पटरी के नीचे से रोड़ी व मिट्टी बारिश के पानी के साथ बह गई है। लोको पायलट ने किसानों के साथ मौके पर जाकर देखा तो पटरी हवा में थी। उन्होंने तत्काल ऐलनाबाद रेल प्रशासन को अवगत करवाया। कुछ ही देर बाद रेलवे पुलिस और रेल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पटरी को दुरुस्त किया।
दरअसल वीरवार को क्षेत्र में भारी बारिश के कारण गांव तलवाड़ा खुर्द से बेहरवाला के बीच स्थित अंडरपास में पानी भर गया था। अंडरपास के ऊपर से गुजर रही रेल पटरी के नीचे से मिट्टी का कटाव हो गया और रोड़ी बह गई। तलवाडा खुर्द निवासी किसान भीम सेन सांई व उनके बेटे वकील चंद रात करीब 9 बजे खेतों में बनी ढाणी की ओर जा रहे थे।
अंडरपास के पास पहुंचे तो कुछ गिरने की आवाज सुनी। मौके पर जाकर देखा तो पटरी के नीचे के कुछ हिस्से की मिट्टी व पत्थर गायब थे। उन्होंने फोन कर आसपास की ढाणियों के किसानों को मौके पर बुलाया। इसी दौरान ऐलनाबाद की ओर से आ रही रेलगाड़ी दिखाई दी तो भीम सेन हाथ में मोबाइल फोन व टॉर्च लेकर रेल की ओर दौड़ पड़े। एक व्यक्ति को ट्रेन के आगे मोबाइल की लाइट और टॉर्च जलाकर दौड़ते देख लोको पायलट ने हादसे की आंशका को भांपकर ट्रेन रोक दी।
जीआरपी थाना प्रभारी सिकंदर सिंह ने बताया कि पटरी के नीचे से पत्थर और मिट्टी का कटाव हो गया था। किसानों की सूझबूझ से हादसा टल गया। रेलवे कर्मचारियों ने किसानों की मदद से पटरी को दुरुस्त कर दिया। ऐसे में रात साढे़ 10 बजे से लेकर सुबह 4 बजे तक यहां से रेलगाड़ियों को धीमी गति से गुजारा गया।