चोपटा। किसानों द्वारा बीजेपी नेताओं व कार्यकर्ताओं की बैठक का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में रविवार को खंड के गांव जमाल में बीजेपी की मंडल स्तर की बैठक का क्षेत्र के किसानों ने जोरदार विरोध किया। किसानों के विरोध के चलते बीजेपी नेता आदित्य चौटाला व रामचंद्र कंबोज जमाल बैठक में नहीं पहुंचे।
वहीं किसानों की बढ़ती संख्या देख चोपटा थाना प्रभारी सत्यवान सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा उच्च अधिकारियों को स्थिति से अवगत करवाया। डीएसपी धर्मवीर के नेतृत्व में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की दो टुकड़ी मौके पर तैनात की गई। गांव जमाल के एक निजी स्कूल में रविवार को बीजेपी नेताओं व कार्यकर्ताओं की बैठक शुरू होने से पहले ही क्षेत्र के सैकड़ों महिला व पुरुष किसानों ने बैठक स्थल के पास जाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान किसानों ने सरकार विरोधी नारे लगाए। बैठक का विरोध करते हुए किसान विजय बैनीवाल, घनश्याम डूडी, सदानंद, छोटू राम, सुरेश ढाका, दीवान सहारण, नैंसी ओलख, अरविंद रायपुर, मंगतू सिहाग, सुरेंद्र कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सोची समझी साजिश के तहत गांव में भाईचारा खराब करना चाहती है। बीजेपी की इस योजना को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार को किसान विरोधी तीनों कृषि कानून तुरंत प्रभाव से वापस लेने चाहिए। जब तक सरकार इन कानूनों को वापस नहीं लेगी तब तक वह चैन से नहीं बैठेंगे, तथा सरकार की जनविरोधी नीतियों का डटकर विरोध करेंगे। विरोध प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र के आसपास के गांव के बच्चे व महिलाएं भी एकत्रित हो गई। इसी दौरान नाथूसरी चोपटा थाना प्रभारी सत्यवान सिंह गांव जमाल में पहुंचे तो किसानों की संख्या बढ़ती देख उन्होंने उच्च अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। तब डीएसपी धर्मवीर सिंह भी जमाल पहुंचे और पुलिस की दो टुकड़ी मौके तैनात पर कर दी। किसानों के बढ़ते विरोध के चलते बैठक में भाजपा नेता आदित्य चौटाला व रामचंद्र कंबोज को भी पहुंचना था लेकिन वे नहीं पहुंचे। बीजेपी मंडल सह प्रभारी अमर सिंह व जगतपाल ने कहा कि बैठकों का विरोध करने की बजाय किसानों को बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए तथा समस्या का समाधान बातचीत से ही किया जाना चाहिए।